Bareilly News: गर्मी ने फिर बिगाड़ी बच्चों की सेहत, जिला अस्पताल में 30 बेड के वार्ड में 34 भर्ती; रखें ख्याल
बरेली में भीषण गर्मी के कारण अस्पतालों में मरीजों की संख्या बढ़ गई है। सोमवार को ओपीडी में लंबी कतारें दिखीं। जिला अस्पताल के बच्चा वार्ड में 34 बच्चे भर्ती रहे, जिनमें ज्यादातर डायरिया से पीड़ित थे।
विस्तार
बरेली में भीषण गर्मी का असर फिर सेहत पर दिखने लगा है। सरकारी और निजी अस्पतालों में मरीजों की संख्या बढ़ गई है। सोमवार को ओपीडी में सुबह से लंबी कतार लगी रही। डिहाइड्रेशन, उल्टी-दस्त, बुखार, चक्कर आने, सिरदर्द, कमजोरी की शिकायत लेकर मरीज पहुंचते रहे। जिला अस्पताल के 30 बेड के वार्ड में 34 बच्चे भर्ती रहे। इसमें से ज्यादातर डायरिया से पीड़ित हैं।
जिला अस्पताल के फिजिशियन डॉ. राहुल वाजपेयी के मुताबिक, तेज धूप व बढ़ते तापमान से बुजुर्ग, बच्चे और पहले से बीमार लोग अधिक प्रभावित हो रहे हैं। पानी की कमी से डिहाइड्रेशन की समस्या भी बढ़ गई है। दोपहर 12 से शाम चार बजे तक धूप से बचाव जरूरी है। इस दौरान बाहर निकलने वाले लोगों के लू की चपेट में आने की आशंका रहती है। इसी वजह से कुछ दिनों से ओपीडी में चक्कर, बेहोशी और तेज बुखार के मरीजों की संख्या में वृद्धि हुई है।
दूसरी ओर, बच्चा वार्ड में सोमवार दोपहर तक 34 बच्चे भर्ती होने से वार्ड फुल रहा। शाम छह बजे तक तीन बच्चे डिस्चार्ज हुए तो तीन गंभीर बच्चों को भर्ती करने से तादाद जस की तस रही। बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. संदीप गुप्ता के मुताबिक ज्यादातर बच्चे सीवियर डायरिया पीड़ित रहे।
- पानी पीकर और साथ लेकर घर से निकलें। खाली पेट न रहें।
- धूप में सिर ढककर रखें। बच्चों, बुजुगों को धूप में बाहर न भेजें।
- चक्कर आए या कमजोरी लगे तो छायादार स्थान पर ठहरें।
- एसी कक्ष या कार से निकलने से पूर्व तापमान सामान्य कर लें।
- बाजार में खुले में रखे, तले भुने, बासी भोजन का सेवन न करें।
दिन और रात के तापमान में एक डिग्री की बढ़त
सप्ताह भर से बढ़त दर्ज करा रहा दिन का पारा सोमवार को 40 डिग्री के पार पहुंच गया। मौसम विभाग ने भी अभी राहत की उम्मीद से इन्कार किया है। जारी बुलेटिन के अनुसार मंगलवार और बुधवार को तेज धूप होगी। गर्म हवा चलेगी। 11 जून से हल्की राहत के आसार हैं।
सोमवार को शहरवासी दिन भर गर्म हवा के थपेड़े सहते रहे। दोपहर के समय बाजारों और सड़कों पर आवाजाही कम रही। बेहद जरूरी काम होने पर ही लोग घर से निकले। ठंडे पेय पदार्थों, नारियल पानी, जूस के ठेलों पर लोगों की कतार रही। जो जहां था वहां छांव खोजता नजर आया।
अधिकतम तापमान 40 डिग्री के पार
मौसम विशेषज्ञ अतुल कुमार के मुताबिक, सक्रिय विक्षोभ न होने से बादलों की आवाजाही नहीं है। धूप सीधे पृथ्वी पर पड़ने पर उष्मीय विकिरण से भीषण गर्मी का अहसास करा रही है। अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। ढलती शाम के साथ गर्मी से हल्की राहत मिलने लगी।
न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। नमी का स्तर 54 फीसदी और हवा की गति 20-30 किमी प्रति घंटे रही। कहा कि दो दिन तक अभी गर्मी का सामना शहरवासी करेंगे। फिर बादलों के प्रवेश से राहत की उम्मीद है।