बरेली: साइबर ठगों ने महिला शिक्षक का फोन किया हैक, खाते से निकाले 9.34 लाख रुपये
बहेड़ी की शिक्षिका का फोन हैक कर साइबर ठगों ने उनके बैंक खाते से करीब 9 लाख रुपये निकाल लिए। पुलिस ने अज्ञात ठगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विस्तार
बरेली के बहेड़ी कस्बा की टीचर्स कॉलोनी में रहने वाली एक शिक्षिका से साइबर ठगी कर ली गई। साइबर ठगों ने महिला का फोन हैक कर उनके बैंक खाते से 9 लाख 34 हजार 36 रुपये निकाल लिए। ठगों ने कई बार में रकम निकाली। जब तक महिला को पता चला, तब तक उसकी पूरी जमा-पूंजी खाते से निकल चुकी थी। पुलिस ने पीड़ित आकांक्षा जौहरी (37) की तहरीर पर अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ आईटी एक्ट की धारा 66डी के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
आकांक्षा ने पुलिस को बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनका मोबाइल फोन हैक कर लिया था। इसके बाद उनके बैंक खाते से अलग-अलग ट्रांजेक्शन होने लगे। लगातार मैसेज आने पर जब उन्होंने बैंक खाता चेक किया तो पता चला कि कुल 9,34,036 रुपये निकाले जा चुके हैं।
बैंक से मांगी गई डिटेल
इंस्पेक्टर बहेड़ी दिनेश कुमार शर्मा ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। बैंक से सभी ट्रांजेक्शन की डिटेल मांगी गई है। रकम किन खातों में गई और आगे कहां ट्रांसफर हुई, इसकी जांच साइबर सेल की मदद से की जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें। ओटीपी, एटीएम पिन, पासवर्ड या बैंक संबंधी कोई भी गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करें।
सीओ बहेड़ी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बैंक से ट्रांजेक्शन की डिटेल मांगी गई है। रकम किन खातों में ट्रांसफर हुई है, इसकी जांच साइबर सेल की मदद से की जा रही है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।