खिलाड़ी को नंगा कर प्राइवेट पार्ट पर पोता टूथपेस्ट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बरेली में आयोजित प्रदेशीय तैराकी प्रतियोगिता के दौरान एक युवा खिलाड़ी के साथ यौन शोषण का मामला सामने आया है। मुरादाबाद के तीन तैराकों ने अपने ही टीम के एक खिलाड़ी के साथ न सिर्फ शर्मनाक हरकत की, बल्कि विरोध करने पर उसे दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। रविवार को मामला खुला तो खेल विभाग के अधिकारियों और आयोजकों में हड़कंप मच गया। काली करतूत पर मुरादाबाद टीम को प्रतियोगिता से बाहर कर दिया गया। दोषी खिलाड़ियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। उन्हें आजीवन प्रतिबंधित करने के लिए भी लिखा गया है।
बरेली के स्पोर्ट्स स्टेडियम में तीन दिवसीय जूनियर स्वीमिंग प्रतियोगिता चल रही है। शनिवार शाम को मैच खत्म होने के बाद सभी टीमों के खिलाड़ी हैरो स्कूल चले गए। रात में बिजली नहीं थी, सो खिलाड़ी सोने के लिए मैदान में आ गए। इनमें मुरादाबाद के तैराक भी शामिल थे। टीम के तीन खिलाड़ियों ने इस दौरान मुरादाबाद के ही एक 14 साल के खिलाड़ी को नंगा कर उसके साथ अश्लील हरकत शुरू कर दी। इसके बाद उसके प्राइवेट पार्ट पर टूथपेस्ट पोत दिया। यही नहीं, विरोध करने पर बच्चे को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। पीड़ित बच्चा रात भर सुबकता रहा और सुबह होने पर उसने अपने पिता से शिकायत की। पिता ने टीम मैनेजर आसिफ को फोनकर पूरा मामला बताया। टीम मैनेजर ने क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी अरुणेंद्र कुमार पांडेय से मामले की शिकायत की, जिसके बाद मुरादाबाद की 15 सदस्यीय टीम को प्रतियोगिता से बाहर कर दिया गया। यही नहीं उन्होंने टीम मैनेजर आसिफ के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए मुरादाबाद के क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी को भी लिखा है। वहीं टीम मैनेजर आसिफ का कहना है कि उन्हें मामले की जानकारी तब हुई, जब पीड़ित के पिता ने उन्हें फोनकर इसके बारे में बताया। रात में क्या हुआ, इसकी जानकारी उन्हें पहले नहीं थी।
खिलाड़ी बोले, करतूतों से दागदार हुआ मुरादाबाद
बरेली में चल रही प्रदेशीय स्वीमिंग प्रतियोगिता में अपने ही एक तैराक के साथ गंदी हरकत करने वाले तीनों खिलाड़ियों ने खेल की दुनिया में मुरादाबाद को दागदार कर दिया है। पूरा मामला सामने आने के बाद न सिर्फ तैराक, बल्कि क्रिकेट, फुटबाल, हाकी के खिलाड़ी भी शर्मिंदा हैं। क्रिकेट कोच बदरुद्दीन सिद्दीकी मानते हैं कि इस तरह का मामला सामने आने के बाद शहर को बदनामी मिलती है।
पिता पीएसी में, सेनानायक से करेंगे शिकायत
पीड़ित बच्चे के पिता का आरोप है कि शर्मनाक हरकत करने वालों में एक 9वीं और एक 24वीं वाहिनी के खिलाड़ी हैं। सोमवार को दोनों वाहिनी के सेना नायकों से पूरे मामले की शिकायत की जाएगी। अगर दोषी खिलाड़ियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो मामले को ऊपर तक ले जाएंगे। उन्होंने टीम मैनेजर आसिफ पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। पीड़ित बच्चे के पिता का तर्क है कि मैनेजर को बच्चों को छोड़कर अलग नहीं सोना चाहिए था।
प्रतिबंध के अलावा, तीनों पर मुकदमा भी होगा
बरेली में आयोजित स्टेट स्वीमिंग प्रतियोगिता में मुरादाबाद के तैराकों द्वारा गंदी हरकत करने का मामला सामने आया है, लेकिन लिखित में अभी तक कुछ नहीं मिला। टीम वापसी के बाद मैनेजर आसिफ से पूरे मामले की जानकारी एकत्रित की जाएगी। अगर तीनों तैराक वाकई दोषी हैं तो उन्हें न सिर्फ हमेशा के लिए प्रतिबंधित किया जाएगा, बल्कि उनके खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया जाएगा।
-क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी राजेश कुमार सिंह, मुरादाबाद
खिलाड़ियों पर प्रतिबंध के लिए लिखा
‘मुरादाबाद की टीम के सभी खिलाड़ी एक ही जगह के हैं। ये आपस में लड़ाई झगड़ा करते हैं। मौखिक शिकायत पर टीम को प्रतियोगिता से हटा दिया गया है। मैनेजर और दोषी सभी खिलाड़ियों पर भी कार्रवाई के लिए लिखा गया है।
-अरुणेंद्र कुमार पांडेय, क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी, बरेली