Bareilly News: डीएम के निर्देश पर सीडीओ ने रजिस्ट्री कार्यालय में मारा छापा, एक संदिग्ध पकड़ा
मुख्य विकास अधिकारी ने बृहस्पतिवार को रजिस्ट्री कार्यालय में छापा मारा, जिससे खलबली मच गई। सबसे पहले सीडीओ ने हाजिरी रजिस्टर देखा। रजिस्ट्री कराने आए लोगों से भी पूछताछ की गई।
विस्तार
बरेली में डीएम के निर्देश पर मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) जग प्रवेश ने बृहस्पतिवार को रजिस्ट्री कार्यालय पर छापा मारा। मुख्य विकास अधिकारी ने रजिस्ट्री कार्यालय का मुख्य द्वार का चैनल बंदकर अंदर एक-एक व्यक्ति से पूछताछ की। इस दौरान एक व्यक्ति रिकॉर्ड रूम में अकेला मिला। उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। इस दौरान सीडीओ करीब दो घंटे तक कार्यालय में मौजूद रहे।
सीडीओ सुबह 11:20 बजे रजिस्ट्री कार्यालय पहुंचे। रजिस्ट्री कार्यालय का चैनल बंद करवा दिया और एक-एक व्यक्ति से पूछताछ शुरू कर दी। तब लोगों को पता चला कि सीडीओ ने छापा मारा है। सबसे पहले सीडीओ ने हाजिरी रजिस्टर देखा। कर्मचारी तो पूरे मिले, लेकिन एक-दो अधिकारी नहीं थे।
पता चला तहसील में नए सर्किल रेट की बैठक में गए हैं। इसके बाद सीडीओ प्रथम तल पर गए। यहां रजिस्ट्रार के कक्ष में मौजूद लोगों से जानकारी की। इनमें कुछ लोग रजिस्ट्री कराने आए थे। जबकि कई लोग कातिबों के सहायक थे। सीडीओ ने एक-एक व्यक्ति से पूछताछ की। इसके बाद रिकॉर्ड रूम में गए तो यहां धर्मेंद्र नाम का व्यक्ति सरकारी अभिलेखों को देखते हुए मिला। न तो यह सरकारी कर्मचारी था न ही कोई कातिब का सहयोगी। खुद रजिस्ट्री कार्यालय के अधिकारी उसे डांटने लगे।
30-35 लोग पकड़े, शपथ पत्र लेने के बाद छोड़ा
सीडीओ ने इस दौरान करीब 30-35 लोगों को पकड़ा जो रजिस्ट्री कार्यालय में अंदर थे। इनसे पूछताछ हुई तो पता चला कि ये सरकारी कर्मचारी नहीं है। इन लोगों ने बताया कि वह कातिबों के सहयोगी है। रजिस्ट्री कराने में सहयोग करते हैं। इसलिए रजिस्ट्री कार्यालय आना जाना रहता है। इस पर सीडीओ ने कातिबों को बुलवाया। उनसे शपथ पत्र लिया कि अंदर कार्यालय में मिले लोग उनके यहां काम करते हैं। इसके बाद इन्हें छोड़ा गया।
सीडीओ जग प्रवेश ने बताया कि रजिस्ट्री कार्यालय में करीब 30-35 लोग अंदर मिले। इन लोगों ने बताया कि वह कातिबों के सहयोगी हैं। एक व्यक्ति रिकॉर्ड रूम में सरकारी दस्तावेज देखते मिला उसे पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।