CBSE Exam: सुबह 10 बजे के बाद परीक्षा केंद्र पहुंचे तो नहीं मिलेगा प्रवेश, विद्यार्थी इन बातों का रखें ध्यान
CBSE Exam 2025: सीबीएसई परीक्षा के लिए बरेली जिले के 85 स्कूलों में से 22 को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। करीब 15 हजार विद्यार्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
विस्तार
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की 10वीं, 12वीं की परीक्षा 15 फरवरी यानी शनिवार से शुरू होगी। शुक्रवार को परीक्षा केंद्रों पर सीटिंग प्लान समेत दूसरी व्यवस्थाएं देर शाम तक दुरुस्त कर दी गईं। परीक्षा वाने दिन छात्र-छात्राओं को सुबह नौ बजे तक केंद्र पहुंचना होगा। दस बजे के बाद प्रवेश नहीं होगा।
सीबीएसई परीक्षा के लिए जिले के 85 स्कूलों में से 22 को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। करीब 15 हजार विद्यार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा सुबह 10.30 बजे से शुरू होगी, लेकिन केंद्रों में प्रवेश सुबह नौ बजे शुरू हो जाएगा। दस बजे तक ही प्रवेश होगा। फिर केंद्र पर ताला लग जाएगा और देरी से पहुंचने वाले परीक्षार्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। शुक्रवार देर शाम तक केंद्रों पर विद्यार्थियों के बैठने के लिए नियमानुसार सीटिंग प्लान तय किए गए। पहली बार सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में परीक्षा होगी। जिसकी रिकॉर्डिंग केंद्रों को छह माह तक सुरक्षित रखनी होगी।
परीक्षा के लिए उत्तरपुस्तिकाएं पहले ही केंद्रों पर पहुंच चुकी हैं। 15 फरवरी से परीक्षा भले शुरू हो रही हैं। पर मुख्य परीक्षाएं 20 फरवरी से शुरू होगी। 10वीं के 8,650 और 12वीं के 6,650 परीक्षार्थी शामिल होंगे। जांच में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण लेकर प्रवेश मिलने पर कार्रवाई होगी।
इंग्लिश और इंटरप्रेन्योशिप विषय से शुरू होगी परीक्षा
सीबीएसई परीक्षा के पहले दिन 10वीं के इंग्लिश विषय में 8633 परीक्षार्थी और 12वीं की एंटरप्रेन्योरशिप विषय में 03 परीक्षार्थी शामिल होंगे। सीबीएसई कोऑर्डिनेटर वीके मिश्रा के मुताबिक 10वीं की 13 दिन में समाप्त और 12वीं की परीक्षा 31 दिन तक चलेगी। सभी विद्यार्थियों को एडमिट कार्ड पास रखना होगा। इसके अलावा नियमित छात्रों को स्कूल का आईडी कार्ड और प्राइवेट को आधार कार्ड, पैन कार्ड, राशन कार्ड या अन्य कोई कोई एक पहचान पत्र साथ रखना होगा। जिसे प्रवेश के दौरान दिखाना होगा।
एक नजर में
- परीक्षा सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे होगी। प्रवेश सुबह नौ बजे से होगा।
- शुरुआत में 15 मिनट का समय प्रश्नपत्र पढ़ने को मिलेगा। 50 फीसदी क्षमता आधारित प्रश्न होंगे।
- 22 केंद्रों पर होगी परीक्षा। 10वीं के 8,650, 12वीं के 6,650 परीक्षार्थी होंगे शामिल।
- स्मार्टफोन, कीपैड मोबाइल, डिजिटल वॉच, कैलकुलेटर आदि के साथ प्रवेश प्रतिबंधित।
- नियमित छात्रों का ड्रेस कोड स्कूल ड्रेस है। प्राइवेट छात्रों को हल्के रंग के कपड़े पहनने होंगे।
- सक्रिय रहेंगे उडनदस्ते, स्कूलों में औचक निरीक्षण करने पहुंचेगी टीम। नकल पर सख्त कार्रवाई।
सीबीएसई के सिटी कोऑर्डिनेटर वीके मिश्रा ने बताया कि सभी स्कूलों, छात्रों, अभिभावकों से अनुरोध करता हूं कि वे परीक्षा की तैयारी और नियमों का पालन सुनिश्चित करें। छात्रों के लिए अनुकूल वातावरण बनाकर, उन्हें सर्वोत्तम प्रदर्शन के लिए प्रेरित करें।