Bareilly: वाहन को बचाने के चलते तालाब में गिरी कार, ग्रामीणों ने बचाई महिलाओं और बच्चों की जान
Bareilly News: बिशारतगंज क्षेत्र में भाई दूज पर अखा रेलवे क्रॉसिंग के समीप एक कार अनियंत्रित होकर तालाब में गिर गई। हादसा देख ग्रामीण दौड़ पड़े। उन्होंने तालाब में छलांग लगा दी। ग्रामीणों ने कार में सवार महिलाओं और बच्चों समेत आठ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
विस्तार
बरेली के बिशारतगंज थाना क्षेत्र में अखा रेलवे क्रॉसिंग के समीप बुधवार को सामने से आ रहे वाहन को बचाने के प्रयास में एक कार सड़क किनारे तालाब में पलट गई। हादसे के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीण कार सवारों को बचाने के लिए तालाब में कूद गए। उन्होंने कार में सवार सभी लोगों को बाहर निकाला। गनीमत रही किसी के गंभीर चोट नहीं आई। कार में चार बच्चे और दो महिलाओं सहित एक ही परिवार के आठ सदस्य बैठे थे। महिलाएं भाई दूज करने मायके जा रही थीं।
भमोरा थाना क्षेत्र के गांव राजूपुर निवासी अमित कुमार सिंह की अखा गांव में ससुराल है। अमित अपनी पत्नी सीमा देवी, बेटे राम, बेटी परी व अपने भाई सुमित, उनकी पत्नी अनुराधा व बेटे अंश और वंश के साथ अखा गांव जा रहे थे। कार सुमित चल रहे थे। रेलवे क्रॉसिंग पार करते ही सामने से आ रहे वाहन को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित हुई कार सड़क किनारे तालाब में पलट गई। हादसा देख आसपास मौजूद लोग बचाने के लिए तालाब में कूद पड़े। कार में मौजूद सभी लोगों को बाहर निकला। इस घटना से पूरा परिवार सहम गया। उन्होंने ग्रामीणों का आभार जताया, जिन्होंने देवदूत बनकर उनकी जान बचाई।
ये भी पढ़ें- Shahjahanpur: घर से लापता हुई युवती, आधी रात इस हालत में मिली, परिवार वाले रह गए सन्न
जुलाई में इसी तालाब में पलटा था ट्रक
ग्रामीणों ने बताया कि नौ जुलाई को इसी तालाब में गाजियाबाद से मुर्गी दाना लेकर गुवाहाटी जा रहा ट्रक पलट गया था। उस हादसे में ट्रक के कंडक्टर अनवर की मौत हो गई थी। ट्रक पलटने का कारण तालाब की बाउंड्रीवाल ढह जाना रहा था। हादसे के बाद पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने तालाब की बाउंड्री वाल बनवाने की बात कही थी। पिछले महीने पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने बाउंड्रीवाल निर्माण के लिए शासन से बजट जारी होने की बात बताई थी, लेकिन काम अब तक शुरू नहीं हो सका।
नतीजन बुधवार को एक कार तालाब में पलट गई। गनीमत रही कि कार में सवार लोगों को ग्रामीणों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। राजपूत महासभा के संरक्षक ठाकुर ऋषिपाल सिंह ने बताया कि पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को कई बार अवगत कराया जा चुका है लेकिन अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे। बाउंड्रीवाल न होने से यहां पर खतरा बना हुआ है।