Bareilly News: पंचायत में तय हुई थी शादी, फिर मुकर गए प्रेमिका के घरवाले, घर पुलिस भेजी तो प्रेमी ने खाया जहर
युवक का युवती से आठ साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। पंचायत में दोनों की शादी तय हुई थी, लेकिन लड़की के घरवाले मुकर गए। उन्होंने युवक के घर पुलिस भेज दी। इससे आहत युवक ने जहर खा लिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली के आंवला क्षेत्र में पंचायत में प्रेमी जोड़े की शादी तय होने के बाद लड़की के परिजनों ने लड़के के घर पुलिस भेज दी। परेशान युवक ने खेतों में जाकर जहरीला पदार्थ खा लिया। निजी अस्पताल से उसे रामपुर रेफर कर दिया है। युवक ने एक सुसाइड नोट भी लिखा है।
एक मोहल्ले के युवक का युवती से आठ साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। बीच में युवक संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) चला गया। इसके बाद भी दोनों में बातें होती रहीं। छह माह पहले वह कस्बे में लौट आया। दोनों की शादी कराने की बात चल रही थी। पंचायत में शादी तय भी हो गई।
बताते हैं कि युवती के परिवारवाले तुरंत शादी की बात कह रहे थे, जबकि युवक के पिता ने दो दिन का समय मांगा था। आरोप है कि युवती के परिजनों ने सोमवार सुबह युवक के घर पुलिस भेज दी और शादी की बात से मुकर गए। इससे परेशान युवक ने जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत गंभीर देख निजी अस्पताल से उसे रामपुर रेफर कर दिया।
सुसाइड नोट में प्रेमिका के परिजनों को ठहराया जिम्मेदार
सुसाइड नोट में लिखा है कि वह लड़की से बेहद प्यार करता है। लड़की के परिजन पंचायत में शादी की बात तय होने के बाद भी मुकर गए। पुलिस भी नाजायज दबाव बना रही थी। इस कारण वह तनाव में आ गया। युवती को परिजनों ने घर में बंद कर रखा है, उसे बाहर नहीं निकलने दिया जा रहा है।
उसके परिजन उसकी कहीं और शादी करना चाहते हैं। लिखा कि मेरी मौत के जिम्मेदार लड़की के पिता, बड़ी बहन और भाई होंगे। अपने माता-पिता के लिए लिखा है कि वह उसके बिना जिंदा नहीं रह सकता। मम्मी-पापा मुझे माफ कर देना।
सीओ आंवला दीपशिखा ने बताया कि अभी इस मामले में पुलिस के पास कोई शिकायत या जानकारी नहीं है। कोई तहरीर आएगी तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।