यूपी: बरेली को मिलेगा सर्वश्रेष्ठ राजभाषा पुरस्कार, मुंबई में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह करेंगे सम्मानित
केंद्र सरकार बरेली जिले को सर्वश्रेष्ठ राजभाषा पुरस्कार से सम्मानित करेगी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 15 सितंबर को यह सम्मान देंगे। आयकर आयुक्त ज्योत्सना जौहरी इसे प्राप्त करेंगी।
विस्तार
राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार और सरकारी कामकाज में इसके व्यावहारिक प्रयोग को बढ़ावा देने के लिए बरेली जिले को केंद्र सरकार की ओर से सर्वश्रेष्ठ राजभाषा पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। यह पुरस्कार 15 सितंबर को नवी मुंबई के वाशी स्थित सिडको सभागार में आयोजित 'हिंदी दिवस एवं अखिल भारतीय हिंदी सम्मेलन' के दौरान प्रदान किया जाएगा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा दिए जाने वाले इस सम्मान को बरेली की आयकर आयुक्त ज्योत्सना जौहरी प्राप्त करेंगी।
नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति के सचिव रहमत इस्लाम के अनुसार, 14 और 15 सितंबर को राजभाषा हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में मुंबई में इस कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। गौरतलब है कि नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति में केंद्र सरकार के विभिन्न कार्यालयों के प्रतिनिधि शामिल होते हैं, जिसमें बरेली में समिति के अध्यक्ष कार्यालय के रूप में आयकर विभाग को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
आयकर आयुक्त अफसरों के साथ मुंबई रवाना
वर्तमान में जिले के 60 विभागों के कार्यालय इसके सदस्य हैं और समिति द्वारा वर्ष में दो प्रमुख बैठकों का आयोजन किया जाता है। जिले को यह प्रतिष्ठित सम्मान हिंदी के प्रचार-प्रसार तथा प्रशासनिक कामकाज में इसके प्रभावी एवं निरंतर प्रयोग के लिए किए गए उत्कृष्ट कार्यों के आधार पर दिया जा रहा है। इस उपलब्धि से जिले में राजभाषा के प्रयोग को और अधिक गति तथा प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है। इस पुरस्कार समारोह में हिस्सा लेने के लिए आयकर आयुक्त ज्योत्सना जौहरी, आयकर अधिकारी राजीव मिश्रा और सचिव रहमत इस्लाम के साथ मुंबई के लिए रवाना हो चुकी हैं।