UP News: बरेली में अनुप्रिया पटेल बोलीं, अपना दल-एस को नंबर वन पार्टी बनाना है; कार्यकर्ताओं में भरा जोश
बरेली के अर्बन हाट के हॉल में मंगलवार को अपना दल-एस का स्थापना दिवस मनाया गया। इस मौके पर पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने कार्यकर्ताओं में जोश भरा। साथ ही आगामी चुनावों की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अपना दल-एस के स्थापना दिवस पर केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा कि कभी अपना दल को वोटकटवा कहा जाता था। डॉ. सोनेलाल पटेल की विचारधारा को मानने वाले उनके कार्यकर्ताओं के संघर्ष, समर्पण और मेहनत की बदौलत आज हम उत्तर प्रदेश की तीसरी बड़ी पार्टी हैं। आज हमें यह संकल्प लेना है कि अपने बल से अपना दल-एस को नंबर एक पार्टी बनाना है। हर पिछड़े, शोषित और वंचित की उम्मीद का दीया जलाना है।
अपना दल-एस की अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल ने कहा कि 4 नवंबर 1995 को स्थापित अपना दल के 30 साल पूरे हो गए। कार्यकर्ताओं ने एक छोटे से पौधे को विशालकाय वृक्ष बना दिया। डॉ. सोनेलाल पटेल ने सत्ता परिवर्तन नहीं व्यवस्था परिवर्तन की बात कही थी। व्यवस्था परिवर्तन से हमारा तात्पर्य यह है कि पिछड़ा-शोषित और वंचित समाज के लोगों की भागीदारी लोकतंत्र के चारों स्तंभों में सुनिश्चित हो।
'पिछड़ा और वंचित समाज की आवाज को किया बुलंद'
उन्होंने कहा कि अपना दल ने हमेशा पिछड़ा और वंचित समाज की आवाज को बुलंद किया है। नीट में ओबीसी आरक्षण लागू कराने से लेकर जातिगत जनगणना, 69 हजार शिक्षकों की भर्ती और राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग को सांविधानिक दर्जा दिलाने से लगायत अनगिनत मांगों के लिए हमने आवाज उठाई। उसका नतीजा भी सकारात्मक रहा है। अब हम पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्रालय की स्थापना करने की लड़ाई लड़ रहे हैं।
कार्यकर्ताओं से कहा- पंचायत चुनाव की तैयारी में जुट जाएं
अनुप्रिया पटेल ने कार्यकर्ताओं से कहा कि आगामी पंचायत चुनाव से लेकर सभी चुनावों के लिए आप सभी कमर कस लें। संगठन का लगातार विस्तार करें और नए लोगों को जोड़ें। उधर, अपना दल-एस के उपाध्यक्ष और प्रदेश के कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल ने कहा कि बरेली में उमड़ी भीड़ ने हमारे लिए ऑक्सीजन का काम किया है। हम पूर्व से पश्चिम की ओर बढ़ रहे हैं। जल्द ही पार्टी सभी जिलाध्यक्षों और प्रभारियों को लखनऊ बुलाएगी। अब पार्टी की ओर से लगातार कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। अगला स्थापना दिवस किसी हॉल में नहीं बल्कि खुले मैदान में मनाया जाएगा।
आने वाले प्रत्येक चुनाव के लिए तैयारियों का आह्वान
केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने पत्रकारों से कहा कि आने वाले प्रत्येक चुनाव के लिए आज से हमारी तैयारियों का आह्वान है। हमने इस धारणा को तोड़ा है कि हमारी पार्टी एक सीमित क्षेत्र तक ही है। उत्तर प्रदेश में पूर्व से लेकर पश्चिम और उत्तर से लेकर दक्षिण तक सभी जिलों में हमारा संगठन बहुत तेजी से आगे बढ़ रहा है। हम केंद्र और राज्य की सरकार में गठबंधन में हैं। उन्होंने कहा कि एसआईआर को लेकर विपक्ष के दल बेवजह लोगों के बीच भ्रम फैलाने का काम कर रहे हैं। इससे कुछ बिगड़ने वाला नहीं है, बल्कि हमारी चुनावी प्रक्रिया और मजबूत होगी।