अमर ज्योति कंपनी प्रकरण: निदेशकों की गिरफ्तारी न होने से बदायूं के अधिवक्ताओं में आक्रोश, अनशन की दी चेतावनी
बदायूं में चार मुकदमे दर्ज होने के बाद भी अमर ज्योति कंपनी के निदेशकों को पुलिस गिरफ्तार नहीं कर पाई है। इससे अधिवक्ताओं और पीड़ित निवेशकों में आक्रोश है। अधिवक्ताओं ने शुक्रवार को एडीएम न्यायिक को ज्ञापन सौंपकर 72 घंटे में निदेशकों को गिरफ्तार करने की मांग की।
विस्तार
बदायूं में अमर ज्योति यूनिवर्स लिमिटेड के निदेशकों की गिरफ्तारी न होने से अधिवक्ताओं व पीड़ित निवेशकों में नाराजगी है। शुक्रवार को कलक्ट्रेट में प्रदर्शन कर अधिवक्ताओं ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एडीएम न्यायिक को ज्ञापन सौंपा और 72 घंटे में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। गिरफ्तारी न होने पर अधिवक्ताओं ने अनशन करने की बात कही है।
शहर के मीरा सराय स्थित एक मकान में अमर ज्योति कंपनी का दफ्तर चल रहा था। इस कंपनी के निदेशक शशिकांत और सूर्यकांत मौर्य हजारों निवेशकों के करोड़ों रुपये लेकर फरार हो गए हैं। इस मामले में बदायूं पुलिस ने अभी तक चार मुकदमे दर्ज किए हैं। एक मुकदमे में आरोपियों की गिरफ्तारी पर हाईकोर्ट ने रोक लगा दी गई।
यह भी पढ़ें- अमर ज्योति कंपनी प्रकरण: आरोपी निदेशकों के पांच बैंक खाते सीज, निरस्त कराया जाएगा संपत्ति का बैनामा
जिला बार एसोसिएशन के महासचिव अजय सिंह परमार का कहना है कि पुलिस की लचर कार्रवाई की वजह से आरोपी एक मुकदमे में स्टे ले आए हैं। अगर पुलिस ठीक से कार्रवाई करे तो निदेशक पुलिस की गिरफ्त में होंगे। उन्होंने एसडीएम न्यायिक को ज्ञापन दिया। इस माध्यम से चेताया कि 72 घंटे में गिरफ्तारी न होने पर अधिवक्ता मालवीय आवास पर धरने में बैठेंगे।
पांच बैंक खाते सीज
निदेशकों के बदायूं में चार और बरेली में एक बैंक खाता है। इन सभी खातों को सीज करा दिया गया है। साथ ही निदेशकों के एक प्लाट का बैनामा निरस्त कराने की प्रक्रिया चल रही है। हीं, अभी तक की जांच में पता चला है कि निदेशक व उनके करीबियों के बरेली में यश बैंक और शहर के बैंक ऑफ बड़ौदा, एचडीएफसी व अन्य दो बैंकों में खाते हैं। इन खातों में रुपये की जानकारी पुलिस के पास नहीं है। हालांकि पुलिस ने इन खातों के लेनदेन पर रोक लगा दी है।
अब तक आ चुके हैं एक हजार शिकायती पत्र
कंपनी की ओर से निवेशकों के साथ किए गए धोखाधड़ी के मामले में सिविल लाइंस थाने में अभी तक एक हजार शिकायती पत्र आ चुके हैं। इन सभी को आरोपियों पर दर्ज चार मुकदमों में शामिल किया गया है। इसके अलावा अभी तक करीब 100 लोगों के विवेचक ने बयान दर्ज किए हैं।
बारादरी थाने के संपर्क में है जिले की पुलिस
कंपनी निदेशकों का घर बरेली के बारादरी थानाक्षेत्र में है। उनकी धर-पकड़ के लिए सिविल लाइंस पुलिस बारादरी थाने के संपर्क में है। लगातार उसने मामले की जानकारी मांग रही है, ताकि संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई की जा सके।