Bareilly News: पांच मई तक बरेली एयरपोर्ट से सभी उड़ानें निरस्त, जानिए क्या है कारण
बुधवार को बरेली से मुंबई और दिल्ली की फ्लाइट थी, जिसे एयरफोर्स के रनवे पर मरम्मत कार्य के चलते निरस्त कर दिया गया। यात्रियों के पास फ्लाइट निरस्त होने का मेसेज तब पहुंचा जब वे एयरपोर्ट पहुंच चुके थे। इससे यात्रियों ने हंगामा कर दिया।
विस्तार
बरेली के त्रिशूल एयरबेस पर इलेक्टिक वर्क के चलते बुधवार को उड़ान निरस्त होने से यात्रियों ने एयरपोर्ट पर हंगामा किया। एयरफोर्स के अधीन रनवे पर मरम्मत कार्य की जानकारी देने पर यात्री शांत हुए। उन्हें पूरा किराया वापस करने, यात्रा तिथि रीशेडयूल करने का विकल्प दिया गया। एयरपोर्ट निदेशक ने पांच मई तक फ्लाइट निरस्त होने की बात कही है।
बुधवार को बरेली से मुंबई और दिल्ली की फ्लाइट थी। टिकट बुक कराने वाले कई यात्रियों के पास फ्लाइट निरस्त होने का मेसेज तब पहुंचा जब वे एयरपोर्ट पहुंच चुके थे। इससे आक्रोशित यात्रियों ने वहां हंगामा कर दिया। एयरपोर्ट अधिकारियों से उनकी नोकझोंक भी हुई।
एयरलाइंस कंपनी को सुबह ही मिली सूचना
इंडिगो एयरलाइंस के प्रतिनिधि साकेत के मुताबिक मुंबई से आने वाली फ्लाइट को सुबह ही सूचना मिल गई थी, लिहाजा उड़ान नहीं हो सकी। जो लोग बरेली से जाने वाले थे, उनके पास मुख्यालय से मेसेज सुबह करीब 11 बजे तक पहुंचा। तब तक कुछ लोग एयरपोर्ट पहुंच गए थे।
फ्लाइट निरस्त होने के बाद उनका किराया वापस करने, अगले सात दिन में किसी भी दिन यात्रा रीशेडयूल कराने का विकल्प मिला है। दिल्ली से आने वाली फ्लाइट के भी यात्री पहुंचे थे। जिन्हें परेशानी हुई। कुछ यात्री दिल्ली के लिए निजी वाहन या सार्वजनिक वाहन से रवाना हुए।
तीन दिन एयरफोर्स रनवे के नहीं होगा उपयोग
एयरपोर्ट निदेशक अवधेश अग्रवाल ने बताया कि बरेली एयरपोर्ट से दिल्ली, जयपुर, बेंगलुरु, मुंबई के लिए उड़ान सेवा है। एलायंस एयरवेज दिल्ली और शेष सेवाएं इंडिगो से संचालित है। एयरफोर्स के रनवे पर निर्माण कार्य चल रहा है, इसलिए वायु सेना मुख्यालय ने रनवे इस्तेमाल करने पर तीन दिन रोक लगा दी है। एयरफोर्स रनवे पर निजी कंपनियों के विमान उतरकर वहां से बरेली एयरपोर्ट तक पहुंचते हैं।