नाला सफाई पर हर साल 50 लाख खर्च कॉलोनियां और सड़कें फिर भी जलमग्न
प्री-मानसून बारिश ने ही बिगाड़ दी शहर की सूरत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सिटी स्टेशन के सामने हाईवे जलभराव से दो घंटे रहा जाम, सामने सड़क की दूसरी लेन पर सीवर खोदाई की मिट्टी धंसी
बरेली। नाला सफाई पर हर साल 50 लाख से ज्यादा खर्च होने के बावजूद शनिवार को प्री मानसून बारिश में ही लोगों को हर ओर जलभराव का सामना करना पड़ा। लगभग दो घंटे की बारिश में ही सिटी स्टेशन के सामने हाईवे समेत शहर की तमाम सड़कें जलमग्न हो गईं। कई कॉलोनियों में भी घुटनों तक पानी भर गया। सिटी स्टेशन के पास सीवर लाइन बिछाने के बाद डाली गई मिट्टी धंस गई, लेकिन लोग खतरे की परवाह न कर वहां से गुजरते रहे।
बरेली-रामपुर रोड पर सिटी स्टेशन के सामने नाला संकरा है और सीवर लाइन बिछाने के लिए की गई खोदाई से चोक हो गया है। लिहाजा शनिवार को बारिश से यहां तीन-चार फुट तक पानी भर गया। यहां खोदाई के कारण सड़क की एक लेन बंद है, जिसके चलते जलभराव के बाद भीषण जाम लग गया। चौपुला पुल के पास भी जलभराव हुआ तो ट्रैफिक को चौकी चौराहे पर ही रोकना पड़ा। सिटी स्टेशन के पास दो घंटे तक जाम के हालात बने रहे। वहीं, गांधी उद्यान के सामने से रामपुर गार्डन की ओर जाने वाली सड़क भी जलमग्न हो गई। कॉलोनी के अंदर पहली गली में भी पानी भर गया। इसके अलावा बदायूं रोड पर भी नाला सफाई न होने के कारण जलभराव हो गया।
एसएसपी ऑफिस में भरा पानी पंप लगाकर निकाला
नाला चोक होने के कारण शनिवार को एसएसपी ऑफिस में मुख्य मार्ग से लेकर अधिकारियों के कार्यालय तक पानी पहुंच गया। इसके बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ी का पंप लगाकर यहां पानी निकाला गया। कलक्ट्रेट और कचहरी के पिछले गेट पर भी जलभराव हुआ। इसके अलावा रामपुर गार्डन में नगर आयुक्त और एसपी सिटी के आवास के सामने वाली सड़क पर भी पानी भर गया।
खतरे के बीच से निकले लोग
सिटी स्टेशन के पास सीवर लाइन डालने के बाद मिट्टी डालकर छोड़ दी गई है लेकिन बारिश के दौरान यह मिट्टी धंस गई। दूसरी लेन में जलभराव के कारण जाम लगा तो यहां लोग खतरा उठाकर धंसी मिट्टी के पास से ही गुजरते रहे। इसके अलावा जंक्शन रोड पर भी सीवर लाइन की खोदाई की दूसरी दिशा में सड़क धंस गई। मुख्य डाकघर से स्टेशन रोड की ओर आने वाली सड़क भी कई जगह धंस गई, यहां भी पिछले दिनों सीवर लाइन डाली गई थी।
निर्माण के लिए बंद किया नाला सद्भावना कॉलोनी में भरा पानी
लाल फाटक पर दूरदर्शन के पास एक व्यक्ति ने मकान निर्माण के चलते नाला बंद कर दिया है। यहां पर वह पाइप डलवाकर अपने घर का रास्ता बना रहा है। इसके कारण पानी निकासी बंद हो गई है और शनिवार को कॉलोनी में लोगों के घरों में पानी भर गया।
जंक्शन और रेलवे कॉलोनी में भरा पानी
रेलवे कॉलोनी के क्वार्टर और जंक्शन के प्लेटफार्म पर भी पानी भर गया, इससे लोगों को काफी परेशानी हुई। जंक्शन की साउथ और सिटी स्टेशन पर चौपुला रेलवे कॉलोनी के क्वार्टरों में पानी भर गया। निकासी की उचित व्यवस्था न होने से दोपहर बाद तक पानी भरा रहा। रेल कर्मियों का घरेलू सामान भी भीगकर खराब हो गया। जसोली के पास भी घुटनों तक पानी भर गया, इससे श्मशान घाट जाने वाले लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इसके अलावा बिहारीपुर, मठ की चौकी, जोगी नवादा, वनखंडी नाथ, कालीबाड़ी आदि निचले क्षेत्रों में भी जलभराव हो गया। संजयनगर की सड़क पिछले सालों की तरह ही शनिवार को भी जलमग्न हो गई। सड़क जर्जर होने के कारण इस दौरान यहां से गुजरे कई लोगों के वाहन अनियंत्रित होने से वे पानी गिर गए। सबसे ज्यादा खराब स्थिति संजयनगर, राजेंद्रनगर, इंदिरानगर आदि इलाकों की रही। यहां दोपहर तक पानी की निकासी नहीं हो सकी। इसके अलावा इज्जतनगर की राजीव कुंज कॉलोनी और मुंशीनगर में भी खूब जलभराव हुआ।
पाइप लाइन की मरम्मत के बाद सुबह हुई पानी की आपूर्ति
बरेली। राजेंद्रनगर के सी ब्लॉक में पानी की पाइप लाइन फटने से शनिवार को आपूर्ति बाधित हो गई। पार्षद सतीश कातिब मम्मा को जब इसका पता चला तो उन्होंने नगर निगम के जलकल विभाग की टीम बुलाकर पाइप लाइन की मरम्मत कराई। तीन बजे तक टीम ने फाल्ट खोजकर मरम्मत की। इसके बाद पानी की आपूर्ति शुरू हो सकी।
नाला सफाई का कार्य इन दिनों तेजी से चल रहा है। मगर मानसून समय से पहले आ गया, जिसके चलते शहर के कुछ इलाकों में दिक्कत हुई है। अभी नाला सफाई जारी रहेगी। - अजीत कुमार सिंह, अपर नगर आयुक्त