{"_id":"58e535104f1c1bf5465b7229","slug":"jai-shriram-in-the-procession-of-ram-navami","type":"story","status":"publish","title_hn":"रामनवमी के जुलूस में गूंजे ‘जय श्रीराम’","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
रामनवमी के जुलूस में गूंजे ‘जय श्रीराम’
अमर उजाला ब्यूरो, बांदा
Updated Wed, 05 Apr 2017 11:48 PM IST
विज्ञापन
राम, लक्ष्मण व सीता की प्रतिमा व स्वरूपों की झांकी।
- फोटो : अमर उजाला
राम भक्तों ने रामनवमी पर धूमधाम से शोभायात्रा निकाली। भगवा रंगों में सजे शहर में दोपहर बाद शुरू हुई शोभायात्रा देर शाम तक चली। युवाओं ने ‘जय श्रीराम’ के साथ ‘घर-घर भगवा छाएगा, फिर रामराज आएगा’ इत्यादि गगनभेदी नारे लगाए। एयरक्राफ्ट से आसमान से बरसे फूलों ने जश्न को और भव्य कर दिया।
विज्ञापन
बुधवार को दोपहर बाद करीब तीन बजे रामलीला ग्राउंड से जुलूस रवाना हुआ। स्टेशन रोड, अलीगंज चौकी, खूंटी चौराहा, जिला परिषद, अमर टाकीज, चौक बाजार, कोतवाली रोड, झंडा चौराहा, बलखंडी नाका आदि रास्तों से गुजरता हुआ देर शाम महेश्वरी देवी चौराहा में खत्म हुआ। शहर के विभिन्न इलाकों से आईं लगभग 122 झांकियां शामिल थीं।
विज्ञापन
हजारों हाथों में भगवा झंडों के बीच कई राष्ट्रीय ध्वज भी लहराते रहे। जुलूस मार्ग पर कई जगह स्वागत द्वार और मंच बनाए गए। तमाम रामभक्तों, राजनीतिक दलों व स्वयंसेवी संगठनों ने जगह-जगह जुलूस पर फूल लुटाए और मिठाई बांटी। राम-सीता, राधा-कृष्ण, शंकर-पार्वती, लक्ष्मी-नारायण आदि देवी-देवताओं के स्वरूपों की आरती भी उतारी। सागर (मध्य प्रदेश) से आया सेना के एयरक्राफ्ट से बाबूलाल चौराहा में शोभा यात्रा पर फूलों की बारिश आकर्षण का केंद्र रही।
विज्ञापन
उधर, जुलूस और उसके रास्तों पर पूरे समय भारी संख्या में पुलिस तैनात रही। महेश्वरी देवी मंदिर चौराहा पुलिस छावनी बना रहा। डीएम डा.सरोज कुमार, एसपी डा.श्रीपति मिश्र, एडीएम गंगाराम गुप्त, एएसपी मायाराम वर्मा, सिटी मजिस्ट्रेट रामेश्वरनाथ तिवरी, एसडीएम प्रहलाद सिंह, सीओ डॉ. राकेश कुमार मिश्र, कोतवाली इंस्पेक्टर डीपी तिवारी, क्राइम ब्रांच निरीक्षक केपी सिंह और अन्य थानों के थानाध्यक्ष व फोर्स लगातार जुलूस पर नजर रखे रहा।
कहीं पेठा-पानी तो कहीं शरबत बांटे
कैथी बाजार में व्यापार मंडल के मंच पर सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी ने जुलूस की अगुवानी की। अलीगंज में सपा नेता दिनेश शर्मा उर्फ दिन्ना, बीडीसी शैलेंद्र शर्मा, जितेंद्र शर्मा व भाजपा नेता मुदित शर्मा आदि ने पेठा और पानी बांटा। चौक बाजार में सर्राफा एसोसिएशन ने पूड़ी-सब्जी बांटी। झंडा चौराहा व रेलवे स्टेशन पर व्यवसायी रामकिशुन बासू व अंकित बासू ने भगवा साफी और प्रसाद बंटवाया। बजरंग दल नवयुवक समाज ने पानी पिलाया।
बसेरा लाज के पास सपा जिलाध्यक्ष शमीम बांदवी, विजय करन यादव, मदनगोपाल टंका आदि सपाइयों ने रामभक्तों को शरबत बांटा। दिलीप सिंह (लाला) ने पेठा खिलाया। पीली कोठी सब स्टेशन पर बिजली कर्मियों ने भी शरबत पिलाया। अमर टाकीज तिराहा पर नगर पालिका परिषद अध्यक्ष विनोद जैन व सदस्यों ने स्टाल लगाकर प्रसाद बांटा।
जोश में होश खोया तो पुलिस ने संभाला
शोभायात्रा में अति उत्साही कुछ युवकों ने जोश मेें होश खोने की कोशिश की तो पुलिस ने उन्हें संभाल लिया। गोल कोठी के पास नोकझोंक भी हुई। बाद में सब रफादफा हो गया। जुलूस में बड़ी संख्या में रामभक्त तलवार और त्रिशूल लेकर असुरक्षित ढंग से प्रदर्शन करते रहे। जामा मस्जिद के रास्ते पर लगी बेरीकेडिंग से घुसकर निकलने की कोशिश कर रहे युवकों को पुलिस ने सख्ती से रोका तो नोकझोंक हुई, लेकिन प्रभारी निरीक्षक और केंद्रीय समिति पदाधिकारियों ने संभाल लिया।