बांदा: बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर हादसा, खड़े लोडर से टकराया श्रद्धालुओं का ऑटो, एक की मौत और छह घायल, रेफर
Banda News: बांदा में बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर खड़े खराब लोडर में श्रद्धालुओं से भरा ऑटो पीछे से घुस गया। हादसे में एक श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि चालक समेत छह अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
विस्तार
बांदा जिले के अतर्रा कस्बे में रविवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे बिसंडा थाना क्षेत्र में झपकी आने से ऑटो चालक ने बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर खड़े खराब लोडर (पिकअप) में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो सवार श्रद्धालु राजाराम को पीएचसी में मृत घोषित कर दिया। वहीं, चार महिला व चालक समेत छह लोगों को बिसंडा पीएचसी से प्राथमिक उपचार के बाद रानीदुर्गावती मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
फतेहपुर के थाना क्षेत्र असोथर के गांव सरकंडी निवासी फूलचंद्र ने बताया कि शनिवार की शाम वह भाई राजाराम (55) समेत सीएनजी ऑटो में सवार होकर 11 महिला व पुरुष चित्रकूट अमावस्या करने गए थे। रविवार की सुबह स्नान व परिक्रमा करने के बाद सुबह साढ़े पांच बजे वापस घर लौटने के लिए निकले थे। तभी सुबह साढ़े नौ बजे के पास बिसंडा के बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर खराब खड़े लोडर (पिकअप) में सीएनजी चालक दिनेश रैदास को झपकी आने पर पीछे से जोरदार टक्कर हो गई।
डॉक्टरों ने राजाराम को मृत घोषित किया
हादसे के बाद सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को पीएचसी बिसंडा में भर्ती कराया। यहां डॉक्टर ने घायल राजाराम का स्वास्थ्य परीक्षण करते हुए मृत घोषित कर दिया। घायल चालक दिनेश रैदास (40), अमित (32), आरती (32), कमल कुमारी (30), शिवानी (35) और बुधिया निषाद (52) को प्राथमिक उपचार के बाद रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। अनिल (32), राधा, पूजा व मृतक के भाई फूलचंद्र को मामूली चोटें आने पर इलाज किया गया।
घायलों को रानीदुर्गावती मेडिकल कॉलेज रेफर किया
मृतक के भाई फूलचंद ने बताया कि मृतक के तीन पुत्र व दो पुत्री है और वह बटाई में खेत लेकर किसानी कर घर परिवार का भरण पोषण करता रहा है। घटना से पत्नी ममता समेत सभी परिजन बेहाल है। पुलिस पोस्टमार्टम की कार्रवाई कर रही है। थाना प्रभारी सीपी तिवारी ने बताया कि सड़क हादसे में एक की मौत हुई है, पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। छह घायलों को रानीदुर्गावती मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर किया गया है।