बलिया। माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा संचालित बोर्ड परीक्षा के नौवें दिन शनिवार को प्रथम पाली में हाईस्कूल गृह विज्ञान और इंटरमीडिएट व्यावसायिक शिक्षा की परीक्षा संपन्न हुई। गृहविज्ञान की परीक्षा में पंजीकृत 5562 परीक्षार्थियों में से 401 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। गृह विज्ञान विषय की परीक्षा में उपस्थित परीक्षार्थियों की संख्या 5161 रही। उधर व्यवसायिक विषय की परीक्षा में कुल 22 परीक्षार्थी गैरहाजिर रहे। जबकि इस विषय में पंजीकृत परीक्षार्थियों की संख्या 470 थी। परीक्षा केंद्र से बाहर निकले परीक्षार्थी पेपर से संतुष्ट दिखे।
वहीं, द्वितीय पाली में इंटरमीडिएट द्वितीय रसायन विज्ञान और समाज शास्त्र विषय की परीक्षा हुई। कुल पंजीकृत 58755 परीक्षार्थियों में से 5103 अनुपस्थित रहे। रसायन विज्ञान की परीक्षा देने वाले छात्र छात्राओं की संख्या 53652 थी। जबकि इसके पूर्व बृहस्पतिवार को भौतिकी की परीक्षा में अनुपस्थित होने वाले परीक्षार्थियों की संख्या 5087 थी। यानी भौतिकी के सापेक्ष 16 अधिक परीक्षार्थियों ने रसायन विज्ञान की परीक्षा छोड़ दी। वहीं समाजशास्त्र विषय के लिए पंजीकृत कुल छात्रों में से 298 परीक्षार्थी गैर हाजिर रहे। जबकि इस विषय में पंजीकृत छात्रों की संख्या 2164 थी। यानी कुल 1866 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए। इसके अलावा हाईस्कूल कंप्यूटर परीक्षा में कुल पंजीकृत छात्र 345 थे। जिसमें 15 छात्र-छात्राएं अनुपस्थित रहीं।