बहराइच। मेडिकल कालेज, ट्रामा सेंटर समेत 16 केंद्रों पर मंगलवार सुबह से वैक्सीनेशन का कार्य शुरू हुआ। जिसमें 40 वर्ष के बीमार और 60 वर्ष के बुजुर्गों को टीका लगाया गया। 2240 लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य था, लेकिन 2039 लोगों ने ही वैक्सीन लगवाई।
जिला मुख्यालय स्थित मेडिकल कालेज, ट्रामा सेंटर और 14 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मंगलवार को सुबह नौ बजे से कोरोना वैक्सीनेशन शुरू हुआ। सीएमओ डॉ. राजेश मोहन श्रीवास्तव ने बताया कि 16 केंद्रों पर 2240 लोगों को कोरोना का टीका लगना था। इनमें से 2039 लोगों ने वैक्सीन लगवाई।
उप जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. श्याम देव ने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नानपारा, मोतीपुर, महसी, विशेश्वरगंज, पयागपुर, जरवल, हुजूरपुर, चरदा, बलहा समेत 14 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर सुबह से ही लोगों ने वैक्सीन लगवाई। इनमें 45 वर्ष के बीमार और 60 वर्ष के बुजुर्ग लोग शामिल रहे। केंद्र पहुंचे सभी लोगों का रजिस्ट्रेशन कर फ्री में वैक्सीन लगाई गई।