बौंडी (बहराइच)। डिहवा कला गांव में बारिश के दौरान गिरे कच्चे मकान के मलबे में बालिका दब रह गई। काफी मशक्कत के बाद मलबे को हटाया गया तो बालिका पूरी तरह सही सलामत दिखी। बालिका को सही सलामत देख परिजनों के आंखों से खुशी के आंसू छलक आए। परिजनों ने कहा कि यह ईश्वर का ही करिश्मा का है कि बच्ची आधे घंटे तक दबी रही और सही सलामत है। वहीं, मकान गिरने के बाद अब परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर है।
बौंडी थाना क्षेत्र के डिहवा कला गांव निवासी संतोष पुत्र छोटे का मिट्टी का मकान है। मंगलवार सुबह हुर्ह मूसलाधार बारिश में कच्चा मकान ढह गया। मकान गिरने से पहले घर के सभी सदस्य भाग निकले, लेकिन 13 वर्षीय बालिका सोती रह गई। चीख-पुकार मचने पर आसपास के लोग एकत्र हुए और आननफानन में मलबे को हटाया गया। मलबे को देखकर परिजनों ने अनहोनी की आशंका जता दी थी, लेकिन जैसे ही मलबा हटा तो बच्ची सही सलामत निकली और अपने परिजनों से लिपटकर रोने लगी।