शरीर को स्वस्थ रखने के लिए खून का संचार ठीक तरीक से होते रहना जरूरी माना जाता है। खून के साथ ही सभी अंगों तक ऑक्सीजन और दूसरे जरूरी पोषक तत्व पहुंचते रहते हैं, मसलन अगर रक्त के संचार में कोई समस्या आई तो इसका शरीर पर कई प्रकार से नकारात्मक असर हो सकता है। कई रिपोर्ट्स में दावा किया जाता रहा है कि सर्दियों के मौसम में हमारा खून गाढ़ा होने लगता है।
सेहत की बात: क्या सर्दियों में सच में गाढ़ा हो जाता है खून? कहीं आपको भी तो नहीं है खतरा, कैसे रहें सुरक्षित
Blood Viscosity: सर्दियों में ठंड के कारण रक्त वाहिकाएं सिकुड़ सकती हैं, ब्लड प्रेशर बढ़ सकता है और कुछ परिस्थितियों में खून की चिपचिपाहट बढ़ जाती है। पानी कम पीने से खतरा और ज्यादा हो सकता है। हृदय रोगियों, बुजुर्गों और हाई बीपी मरीजों को ठंड में विशेष सावधानी रखनी चाहिए।
मेडिकल रिपोर्ट्स से पता चलता है कि ठंड के संपर्क में आने पर शरीर में कई तरह के बदलाव होने लगते हैं। ज्यादा समय तक ठंड में रहने से रक्त वाहिकाएं सिकुड़ती हैं, ब्लड प्रेशर बढ़ जाता है और कुछ परिस्थितियों में खून की चिपचिपाहट यानी विस्कोसिटी में भी बदलाव आने का खतरा बढ़ जाता है। डॉक्टर बताते हैं, अगर आप पानी कम पीते हैं और शरीर में पानी की कमी इन प्रभावों को और बढ़ा सकती है।
क्या सच में खून गाढ़ा होता है?
ठंड के मौसम में शरीर खुद को गर्म बनाए रखने के लिए त्वचा की रक्त वाहिकाओं को सिकोड़ता है। इससे रक्त वाहिकाओं में प्रतिरोध बढ़ जाता है और ब्लड प्रेशर बढ़ सकता है।
- कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया जाता रहा है कि ठंड के संपर्क में आने पर रक्त की चिपचिपाहट, प्लेटलेट्स और लाल रक्त कोशिकाओं में भी बदलाव आ सकते हैं।
- इसके अलवा सर्दियों में फाइब्रिनोजेन जैसे क्लॉटिंग फैक्टर बढ़ जाते हैं और प्लेटलेट्स अधिक चिपचिपे हो सकते हैं। फाइब्रिनोजेन एक प्रकार का प्रोटीन है, जो रक्त में मौजूद रहकर चोट लगने पर थक्का जमाने और रक्तस्राव रोकने में मदद करता है।
क्या पानी कम पीने से भी बढ़ जाती है परेशानी?
सर्दियों में मौसम ठंडा होने और प्यास कम लगने के कारण अक्सर लोग कम पानी पीते हैं। शरीर में पानी की कमी होने पर रक्त में तरल हिस्सा कम हो सकता है और खून गाढ़ा और भारी हो सकता है।
- खून में गाढ़ापन बढ़ने से रक्त संचार प्रभावित होने का खतरा भी बढ़ सकता है, यही कारण है कि स्वास्थ्य विशेषज्ञ सभी लोगों को हर मौसम में रोजाना 2-3 लीटर पानी जरूर पीते रहने की सलाह दी जाती है।
अगर आपको कुछ समय से गहरे रंग का पेशाब हो रहा है, मुंह सूख रहा है और अक्सर थकान-चक्कर रहती है तो ये शरीर में पानी की कमी का संकेत हो सकते हैं। ये स्थितियां खून गाढ़ा होने के साथ कई दूसरी तरह की परेशानियों को भी बढ़ाने वाली हो सकती है।
कहीं आपमें भी तो नहीं है खून गाढ़ा होने का खतरा?
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, लाइफस्टाइल और खान-पान की गड़बड़ी के कारण किसी भी उम्र के व्यक्ति को रक्त संचार और खून गाढ़ा होने की समस्या हो सकती है। इसके अलावा अगर आपको पहले से हाई ब्लड प्रेशर, डायबिटीज, हृदय रोग या स्ट्रोक की दिक्कत रही है तो इसके कारण भी आपमें खतरा हो सकता है। बुजुर्गों और धूम्रपान करने वालों को ठंड में विशेष सावधानी रखनी चाहिए। आप अपने जोखिमों को कम करने के लिए कुछ उपाय कर सकते हैं।
- पर्याप्त मात्रा में पानी और तरल पदार्थ लेते रहें।
- शरीर को गर्म रखने के लिए ऊनी कपड़े पहनें।
- बहुत ठंड में अचानक भारी एक्सरसाइज न करें।
- ब्लड प्रेशर और शुगर नियंत्रित रखें।
- यदि सीने में दर्द, अचानक सांस फूलने, चेहरे या हाथ में कमजोरी अथवा बोलने में परेशानी हो तो तुरंत अस्पताल जाएं।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।
