अश्वनी की हत्या के खुलासे के लिए टीमें गठित
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शुक्रवार शाम अहेड़ा हॉल्ट पर मालैंड़ी निवासी अश्वनी शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मोबाइल लूट का विरोध करने पर इस वारदात को अंजाम दिया गया। अश्वनी शर्मा का मोबाइल गायब मिला है। मृतक के भाई नितिन शर्मा ने अज्ञात युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। शुक्रवार रात एसपी जीआरपी मुरादाबाद शगुन गौतम ने भी घटनास्थल का दौरा किया। सीओ क्राइम श्वेताभ पांडेय और बड़ौत सीओ कर्मवीर सिंह ने भी जानकारी ली। डीजी रेलवे गोपाल गुप्ता ने भी मोबाइल पर जानकारी ली और पुलिस को इस घटना का शीघ्र खुलासा करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने कुछ संदिग्ध लोगों से पूछताछ की, लेकिन सफलता नहीं मिली। पुलिस को 315 बोर का एक बुलेट भी मिला है। सीओ जीआरपी हरिप्रकाश कसाना बड़ौत में कैंप किए हुए हैं। पुलिस के शक की सुई अहेड़ा और आसपास के गांवों की ओर घूम रही है। एसओ जीआरपी जितेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस घटना में शामिल रहे युवकों का पता लगाने में जुटी है। शीघ्र ही इस घटना का खुलासा किया जाएगा।
किसने दी थी परिवार को हत्या की सूचना
बड़ौत। चलती ट्रेन में गोली मारकर अश्वनी शर्मा की हत्या के मामले की सूचना इसी ट्रेन में सवार एक युवक ने उनके परिजनों को मोबाइल फोन पर दी थी। पुलिस को लग रहा है कि जिस युवक ने सूचना दी, उससे महत्वपूर्ण जानकारियां मिल सकती है। इससे लगता है कि घटना के समय अश्वनी शर्मा का कोई परिचित युवक इसी ट्रेन में सवार था। अब पुलिस उसका पता लगाने में जुटी है, ताकि उससे पूरे घटनाक्रम की जानकारी मिल सके।
लूट के अलावा अन्य बिंदुओं पर भी जांच
बड़ौत। अश्वनी शर्मा का मोबाइल गायब है। पुलिस तक सबसे पहले सूचना पहुंची कि मोबाइल लूट के विरोध में गोली मारी गई है। कुछ लोगों ने इसे सीट का विवाद बताया। पुलिस ने अन्य बिंदुओं पर भी जांच शुरू कर दी है। अश्वनी शर्मा की गांव और नौकरी की बैकग्राउंड खंगाली जा रही है। परिवार ने किसी तरह की रंजिश से इंकार किया है। जीआरपी एसओ जितेंद्र सिंह ने बताया कि मोबाइल ले जाने के पीछे यह भी सवाल उठता है कि आखिर जिस युवक ने वारदात को अंजाम दिया वह सिर्फ मोबाइल के पीछे ही क्यों लगा था। इसकी जांच की जा रही है।
नहीं बढ़ाई ट्रेन की पुलिस सुरक्षा
बड़ौत। शुक्रवार की शाम एक्सप्रेस ट्रेन में युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने सुरक्षा के कोई बंदोबस्त नहीं किए। रेलवे स्टेशन पर आने व जाने वाली ट्रेनों में कोई चेकिंग अभियान भी नहीं चलाया। जबकि, शुक्रवार को हुई ट्रेन में हुई इस घटना से यात्रियों में भय व्याप्त है।