विज्ञान प्रदर्शनी में छात्रों ने ड्रोन व रॉकेट उड़ाकर दिखाई प्रतिभा
बागपत। इंद्रप्रस्थ पब्लिक स्कूल में शनिवार को विज्ञान व कला प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इसमें छात्रों ने वाटर रॉकेट व ड्रोन उड़ाकर अपनी प्रतिभा दिखाई। कला प्रदर्शनी में छात्र-छात्राओं ने ऐतिहासिक काल से लेकर वर्तमान युग के मॉडल प्रस्तुत किए।
प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि जिलाधिकारी राजकमल यादव ने किया। डीएम राजकमल यादव ने छात्रों की प्रदर्शनी का निरीक्षण कर उनका उत्साहवर्धन किया। इसके उपरांत प्रदर्शनी में 11वीं के छात्रों ने वाटर राकेट उड़ाया। विज्ञान के शिक्षक विमल मिश्रा व रसायन विज्ञान के शिक्षक सुबोध राय के निर्देशन में छात्रों ने ड्रोन उड़ाया। इसके अलावा छात्र-छात्राओं ने विद्युत ऊर्जा, चुंबकीय मॉडल प्रस्तुत किए। इस मौके पर स्कूल के छात्रों ने अलग-अलग देशों की संस्कृति को दर्शाया। प्रधानाचार्या मेघना दहिया ने छात्रों के मॉडल का निरीक्षण किया। प्रदर्शनी में प्रबंधक समिति के सदस्य अक्षय चौधरी, अविका चौधरी ने छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन किया।

बागपत के इंद्रप्रस्थत पब्लिक स्कूल में आयोजित विज्ञान व कला प्रतियोगिता में प्रदर्शनी देखते डी?- फोटो : BAGHPAT