जेसीबी मशीनों ने छलनी कर दी यमुना
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चार दिन से ग्राम सिसाना के यमुना खादर में रेत खनन शुरू कर दिया गया था। रात दिन जेसीबी मशीनें गरज रहीं हैं, ट्रक धमाचौकड़ी मचा रहे हैं। यह सब जिलाधिकारी, अपर जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक के आवासों के ठीक पीछे हो रहा है, लेकिन सभी अधिकारी रेत खनन के मामले में चुप्पी साधे बैठे हुए हैं।
कोई भी अधिकारी कुछ कार्रवाई करने के लिए तैयार ही नहीं है। न तो यह पता कि खनन कहां कराना है और न ही यह देखा जा रहा कि खनन किस तरह से किया जा रहा है। जेसीबी मशीनों ने यमुना को छलनी कर डाला है। जगह-जगह मौत के कुंड बना दिए गए हैं, लेकिन कोई कुछ सुनने के लिए तैयार ही नहीं है। अधिकारियों की इस चुप्पी को देखते हुए सिसाना के लोगों की भी हिम्मत कोई आवाज उठाने की नहीं हो रही है। जबकि सिसाना और आसपास के लोगों के साथ यमुना में बनाए जाने वाले मौत के कुंडों से दुर्घटनाएं हो रहीं हैं।
खेत में चलती मिली जेसीबी, पुलिस बोली नहीं हो रहा खनन
बागपत। पुरा गांव में कई माह से जेसीबी से मिट्टी का अवैध खनन किया जा रहा है। खेतों की गहराई करीब 20 फुट हो गई है। पुलिस और प्रशासनिक अफसरों से किसानों ने शिकायत की। इसके बाद बालैनी पुलिस शुक्रवार को जागी। पुलिस ने पुरा के खेतों में जाकर छापामारी की। वहां पर जेसीबी चलती हुई मिली। इसके बावजूद पुलिस को वहां पर खनन होता नहीं दिखाई दिया। कार्यवाहक बालैनी थाना प्रभारी सोमदत्त शर्मा का कहना है कि पुरा में फिलहाल खनन नहीं हो रहा है। शुक्रवार को एक किसान अपने खेत को जेसीबी मशीन से समतल कर रहा था। उसकी जेसीबी बंद करा दी गई है।
अवैध खनन के कारण कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा
बागपत। पुरा गांव के यशपाल सिंह का कहना है कि जिन खेतों में मिट्टी का अवैध खनन हो रहा है। उनके ऊपर से विद्युत की हाईटेंशन लाइन गुजर रही है। विद्युत के खंभों पर ट्रांसफार्मर रखा हुआ है। वह गिरने की स्थिति में है। वह गिर गया तो बड़ा हादसा हो जाएगा।
जांच कराकर बंद कराया जाएगा खनन
प्रभारी जिलाधिकारी राकेश कुमार मालपाणी का कहना है कि गलत जगह खनन होने की जांच कराने के आदेश दे दिए गए हैं। जांच के बाद गलत जगह पर और मानकों के अनुसार खनन होते नहीं मिला तो खनन बंद कराकर माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई कराई जाएगी।