यूपी में पत्नी का कत्ल: अमरूद के बहाने खेला खूनी खेल, मधु को मारने की साजिश का संदीप ने खुद किया खुलासा
यूपी के बागपत स्थित बराल गांव के रहने वाले संदीप का अपनी पत्नी मधु के साथ अक्सर विवाद रहता था। इसी कलह के चलते संदीप ने अपनी पत्नी को रास्ते से हटाने की खौफनाक साजिश रची। वह मधु को अमरूद तोड़ने के बहाने गांव के ही एक नलकूप पर ले गया। वहां मौका पाकर उसने मधु का गला घोंट दिया।
विस्तार
घरेलू कलह में एक पति द्वारा अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी पति ने पहले पत्नी को अमरूद तोड़ने के बहाने नलकूप पर बुलाया और फिर गला घोंटकर उसे मौत के घाट उतार दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद थाने पहुंचकर अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
कलह के चलते कर दिया कत्ल
यूपी के बागपत स्थित बराल गांव के रहने वाले संदीप का अपनी पत्नी मधु के साथ अक्सर विवाद रहता था। इसी कलह के चलते संदीप ने अपनी पत्नी को रास्ते से हटाने की खौफनाक साजिश रची। वह मधु को अमरूद तोड़ने के बहाने गांव के ही एक नलकूप पर ले गया। वहां मौका पाकर उसने मधु का गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद संदीप सीधे पुलिस थाने पहुंचा और पुलिसकर्मियों को पूरी घटना की जानकारी दी।
मायके वालों ने लगाए गंभीर आरोप
हत्या की सूचना मिलते ही गांगनौली से मधु के मायके वाले थाने पहुंच गए। मधु के भाई कपिल ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2006 में उनकी बड़ी बहन प्रीति की शादी संदीप से हुई थी। बीमारी के चलते तीन साल बाद प्रीति का निधन हो गया था, जिसके बाद परिवार ने छोटी बहन मधु की शादी संदीप से करा दी। मधु और संदीप के दो बच्चे हैं, जिनमें एक बेटा मौक्ष और बेटी मानवी है।
बहन की सास ने भाई को बहकाया
कपिल का आरोप है कि संदीप अक्सर मधु के साथ मारपीट करता था और प्रताड़ित करता था, जिसकी शिकायत मधु ने कई बार अपने मायके में की थी। शनिवार को जब कपिल अपनी बहन से मिलने बराल गांव पहुंचा, तो उसकी सास राजबाला ने गुमराह करते हुए बताया कि मधु डॉक्टर के पास गई है। इस पर कपिल वापस लौट गया, लेकिन कुछ ही देर बाद उसे अपनी बहन की हत्या की दुखद खबर मिली।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने नलकूप पर पड़े मधु के शव को कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आरोपी संदीप को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और उससे कड़ाई से पूछताछ की जा रही है। जानकारी के अनुसार, आरोपी संदीप का एक भाई (राजीव) यूपी पुलिस में दरोगा (सब-इंस्पेक्टर) के पद पर तैनात है। पुलिस हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है ताकि मृतका को न्याय मिल सके।