बदरखा के किसानों ने तहसील पहुंचकर किया प्रदर्शन, ज्ञापन सौंपा
मंगलवार को तहसील पहुंचे बदरखा के किसानों ने बताया कि उनके खेत बदरखा खादर में हैं, जिनमें उन्होंने मटर और गेहूूं की फसल बो रखी है। किसानों ने बताया कि राकसैड़ा जिला पानीपत हरियाणा के लोगों ने हानिकारक कीटनाशक का स्प्रे कर उनकी करीब 50 एकड़ फसल नष्ट कर दी है। उन्होंने कई बार गांव के लोगों के साथ मारपीट करने का आरोप भी लगाया। किसानों ने बताया कि उनकी फसल पर जबरन कब्जा करने की नीयत से आरोपियों ने फायरिंग भी की। इसकी रिपोर्ट उन्होंने थाना छपरौली पर लिखवाई, लेकिन आज तक उनके खिलाफ काई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि उनकी जान का खतरा बना हुआ है। उन्होंने एसडीएम की अनुपस्थिति में उनके स्टेनो को ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन और ज्ञापन देने वालों में जोगिंद्र, महेंद्र, सतबीर, चंद्रपाल, शौकत, यशपाल, संजू, हरेंद्र, जुम्मा आदि शामिल रहे।