दोघट। दोघट कस्बे में रविवार को भाकियू अराजनीतिक की पंचायत हुई। इसमें किसानों ने गन्ना मूल्य 450 रुपये घोषित करने व घरों व नलकूपों पर स्मार्ट मीटर नहीं लगाने मांग उठाई। चेतावनी दी कि यदि मांगें पूरी नहीं होती हैं तो किसान आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।
पंचायत में राष्ट्रीय संरक्षक राजेंद्र सिंह मलिक ने कहा कि प्रदेश सरकार गन्ना मूल्य नहीं बढ़ाकर किसानों का उत्पीड़न कर रही है। किसान 450 रुपये से कम गन्ना मूल्य स्वीकार नहीं करेंगे और यदि इससे कम गन्ना मूल्य दिया तो किसान मिलों को गन्ना देना बंद कर देंगे। कहा कि किसानों को उनकी फसलों का वाजिब दाम मिलना चाहिए। गन्ना हो या फिर आलू की फसल। वहीं स्मार्ट मीटर लगाने का विरोध करने का निर्णय लेते हुए कहा कि इससे किसानों व गरीब लोगों पर भार पड़ेगा। किसान किसी भी कीमत पर स्मार्ट मीटर नहीं लगने देंगे और यदि कोई उनके गांवों में मीटर लगाने पहुंचा तो उसको वापस भेज दिया जाएगा। किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर शीघ्र ही लखनऊ में महापंचायत होगी, जिसमें गन्ना मूल्य, स्मार्ट मीटर न लगाने, नहरों में पानी छोड़ने, बिजली बिल माफ करने सहित आदि मांगों को उठाया जाएगा। पंचायत में सर्वसम्मति से नरेशपाल पंवार को मंडल महासचिव व राकेश पंवार को जिलाध्यक्ष मनोनीत किया। पंचायत की अध्यक्षता चौधरी ब्रजपाल सिंह व संचालन कुलदीप पंवार ने किया। इस मौके पर पंवार खाप चौधरी धर्मवीर सिंह, चौधरी सुभाष सिंह, दुष्यंत मलिक, दीपक चौधरी, नरेंद्र राणा, सहदेव सिंह, सुधीर पंवार व राकेश सिंह आदि मौजूद रहे।