प्रमोद हत्याकांड: कातिल पत्नी का कबूलनामा, शराब में नशे की गोलियां मिलाईं, प्रेमी से कराई किसान पति की हत्या
बागपत के कोताना गांव में किसान प्रमोद की हत्या के मामले में पुलिस ने पत्नी उर्मिला और उसके प्रेमी सिकंदर उर्फ काला को पकड़ा है। पुलिस के अनुसार, शराब में नशे की गोलियां मिलाकर और सिर पर वार कर हत्या की गई। उर्मिला व्हाट्सएप पर अपडेट लेती रही।
विस्तार
बागपत के बड़ौत क्षेत्र के कोताना गांव में किसान प्रमोद (44) की हत्या के मामले में पुलिस ने उसकी पत्नी उर्मिला और बाइक मिस्त्री सिकंदर उर्फ काला को पकड़ा है। पुलिस के अनुसार, उर्मिला और सिकंदर के बीच वर्ष 2024 से प्रेम प्रसंग था। प्रमोद को इसकी जानकारी हुई तो वह विरोध करने लगा। इसके बाद दोनों ने उसकी हत्या की साजिश रची।
पुलिस का कहना है कि रविवार रात रामलीला देखने के दौरान सिकंदर ने प्रमोद को नलकूप पर शराब पीने के लिए बुलाया। वहां उसकी शराब में नशे की गोलियां मिलाईं और नशा होने पर बोतल से सिर पर कई वार किए। इसके बाद गला घोंटकर हत्या कर दी और शव को करीब 150 मीटर दूर गन्ने के खेत में फेंक दिया। पुलिस के अनुसार, उर्मिला व्हाट्सएप पर सिकंदर से घटना की जानकारी लेती रही। कॉल डिटेल के आधार पर पूछताछ में मामले का खुलासा हुआ। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है।
यह भी पढ़ें: Para Asian Games: मेरठ के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन, आयुष ने जीता गोल्ड, अनुभव ने कांस्य पर जमाया कब्जा
पुलिस के अनुसार, किसान प्रमोद के मकान के बाहरी हिस्से में एक दुकान बनी हुई है। गांव का रहने वाला सिकंदर उर्फ काला पिछले तीन साल से यह दुकान किराये पर लेकर बाइक मरम्मत का काम कर रहा था। पुलिस का कहना है कि वर्ष 2024 से सिकंदर और प्रमोद की पत्नी उर्मिला के बीच प्रेम प्रसंग शुरू हो गया था।
बताया गया कि जब प्रमोद खेत पर जाता था और उसके बच्चे पढ़ने के लिए चले जाते थे, तब सिकंदर मकान में चला जाता था। कुछ महीने पहले प्रमोद को दोनों के संबंधों के बारे में पता चला तो उसने विरोध करना शुरू कर दिया। पुलिस के मुताबिक, इसी विरोध के बाद उर्मिला और सिकंदर ने प्रमोद को रास्ते से हटाने की साजिश रची।
नलकूप पर शराब में नशे की गोलियां मिलाकर की हत्या
पुलिस के अनुसार, रविवार रात उर्मिला और प्रमोद गांव में रामलीला देखने पहुंचे थे। वहां सिकंदर भी पहुंच गया। रात करीब साढ़े नौ बजे सिकंदर ने प्रमोद को नलकूप पर चलकर शराब पीने के लिए कहा। इसके बाद दोनों नलकूप पर चले गए।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ में सामने आया कि सिकंदर ने प्रमोद की शराब में नशे की गोलियां मिला दीं। शराब पीने के बाद जब प्रमोद को ज्यादा नशा हो गया तो सिकंदर ने बोतल से उसके सिर पर कई वार किए और गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
इसके बाद शव को घसीटकर करीब 150 मीटर दूर गन्ने के खेत में फेंक दिया। पुलिस के मुताबिक, घटना को अंजाम देने के बाद सिकंदर दोबारा रामलीला में पहुंचा और वहां से उर्मिला के साथ घर चला गया।
व्हाट्सएप पर लेती रही हत्या की जानकारी, पुलिस ने ऐसे किया खुलासा
पुलिस के अनुसार, रामलीला देखते समय उर्मिला लगातार व्हाट्सएप पर सिकंदर से घटना की जानकारी ले रही थी। जब सिकंदर और प्रमोद नलकूप पर शराब पी रहे थे, तब उर्मिला ने उससे पूछा कि उसने प्रमोद को मारा या नहीं।
पुलिस के मुताबिक, सिकंदर ने जवाब दिया कि प्रमोद को अभी ज्यादा नशा नहीं हुआ है। इस पर उर्मिला ने पूछा कि वह नशे में क्यों नहीं हुआ। पुलिस का कहना है कि प्रमोद की हत्या करने के बाद भी सिकंदर ने उर्मिला को मैसेज करके इसकी जानकारी दी।
प्रमोद का शव मिलने के बाद सिकंदर सोमवार सुबह घटनास्थल पर भी पहुंचा था और वहां की गतिविधियों पर नजर रख रहा था। पुलिस ने उर्मिला और सिकंदर की कॉल डिटेल निकलवाई तो दोनों के बीच काफी बातचीत होने की जानकारी मिली। इसके बाद पूछताछ की गई, जिसमें पुलिस के अनुसार हत्या की साजिश का खुलासा हुआ। पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया है और उनसे पूछताछ जारी है।
पहले चार ग्रामीणों पर जताया गया था हत्या का शक
प्रमोद का शव मिलने के बाद उसके भाई विनोद ने गांव के पंकज, राहुल, अंकित और मुकेश पर हत्या का शक जताते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई थी। विनोद के अनुसार, कई महीने पहले बच्चों के बीच खेलने को लेकर विवाद हुआ था। उस समय प्रमोद ने बीच-बचाव कराया था, जिस पर पंकज ने उसे मारने की धमकी दी थी।
हालांकि, पुलिस अन्य बिंदुओं पर भी जांच कर रही थी। बाद में उर्मिला और सिकंदर की बातचीत की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने दोनों से पूछताछ की और मामले का खुलासा करने का दावा किया।
बेटों ने की आरोपियों के एनकाउंटर की मांग
किसान प्रमोद की हत्या के बाद उसके बेटों अंकुर और आयुष ने आरोपी मां उर्मिला और उसके प्रेमी सिकंदर के एनकाउंटर की मांग की। घटना से परिवार में दुख और आक्रोश का माहौल है।
बड़ौत के सीओ अंशु जैन ने बताया कि किसान प्रमोद की हत्या उसकी पत्नी उर्मिला ने साजिश रचकर अपने प्रेमी सिकंदर उर्फ काला से कराई है। दोनों से अभी पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, मामले में पहले दर्ज कराई गई प्राथमिकी में चार अन्य ग्रामीणों पर शक जताया गया था, लेकिन जांच के दौरान सामने आए तथ्यों और कॉल डिटेल के आधार पर उर्मिला और सिकंदर की भूमिका सामने आई। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है।