राष्ट्रीय कैनो स्प्रिंट नेशनल कॉम्पटीशन में 10 स्वर्ण सहित जीते 15 पदक
संवाद न्यूज एजेंसी
बिनौली। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के लोवर लेक में हुई 32वीं राष्ट्रीय कैनो स्प्रिंट नेशनल कॉम्पटीशन में ढिकौली गांव के अर्जुन ने कैनोइंग एकल और मिक्स स्पर्धाओं में दस स्वर्ण सहित 15 पदक जीतकर जनपद का मान बढ़ाया है। बुधवार को ग्रामीणों ने पदक विजेता धेवते का जोरदार स्वागत किया। जनपद के ढिकौली गांव निवासी अजीत सिंह का 14 वर्षीय पुत्र अर्जुन सिंह अपने ननिहाल दादरी गांव में नाना धर्मबीर सिंह डबास के यहां रहता है। उसने 2016 में रुड़की के शिवालिक स्पोर्ट्स क्लब में कैनोइंग के प्रशिक्षण के लिए एडमिशन लिया था। तीन वर्षों में हुई स्टेट से लगातार ओपन नेशनल कैनोइंग चैंपियनशिप में सात पदक जीते। वर्ष 2021 में भारतीय खेल प्राधिकरण के उड़ीसा के कटक जगतपुर एक्सीलेंसी सेंटर में चयन हुआ। कोच एल जॉनसन सिंह के निर्देशन में अर्जुन ने कड़ी मेहनत कर कैनोइंग का प्रशिक्षण प्राप्त किया। भोपाल में 16 से 22 मई तक चली 32 वीं राष्ट्रीय कैनो स्प्रिंट नेशनल कॉम्पटीशन में प्रतिभाग करते हुए ने कैनोइंग सी वन 500 मीटर में दो स्वर्ण, 200 मीटर में एक स्वर्ण, 15 किमी मैराथन में एक सिल्वर, कैनोइंग सी टू 500 मीटर में एक स्वर्ण, ड्रेगन वोट 500 मीटर में एक स्वर्ण, दो कांस्य, ड्रेगन वोट मिक्स 500 मीटर में दो स्वर्ण, 200 मीटर में दो स्वर्ण, एक कांस्य, 2 किमी में एक स्वर्ण व एक सिल्वर पदक जीतकर जनपद बागपत का मान बढ़ाया है। बुधवार को उसका प्रधान वीरेंद्र सिंह, सुंदर, मुकेश पंडित, शिवकुमार, रामसेवक, तिलक राम, बिजेंद्र, बाबू खा, इंद्रजीत आदि ने स्वागत किया।