यूपी: आजमगढ़ में क्षतिग्रस्त की आंबेडकर की प्रतिमा, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आजमगढ़ जिले के कंधरापुर थाना क्षेत्र के गौरी नरायनपुर गांव में स्थापित बाबा साहब भीम राव आंबेडकर की प्रतिमा को शनिवार की रात अराजक तत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। सुबह ग्रामीणों ने प्रतिमा क्षतिग्रस्त देखा तो आक्रोशित हो उठे और मौके पर जुट कर प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। सूचना पर कंधरापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राजगीर बुला कर प्रतिमा को ठीक कराया और समझा-बुझा कर लोगों को शांत कराया।
पुलिस के अनुसार, गौरीनरायनपुर गांव में बाबा साहब की आदमकद प्रतिमा स्थापित है। शनिवार की रात अज्ञात अराजकतत्वों ने प्रतिमा के हाथ व चश्मे को क्षतिग्रस्त कर दिया। सुबह ग्रामीणों ने प्रतिमा को क्षतिग्रस्त देखा। कुछ ही देर में पूरे गांव में प्रतिमा टूटने का शोर हो गया। जिस पर काफी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
सूचना मिलते ही एसडीएम सगड़ी, सीओ सगड़ी के अलावा कंधरापुर थाना पुलिस पहुंच गई। आनन-फानन में राजगीर को बुला कर क्षतिग्रस्त प्रतिमा को ठीक कराया गया। इसके बाद अधिकारियों ने समझा-बुझा कर ग्रामीणों को शांत कराया।
ग्रामीण मुकदमा दर्ज करने व दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे। जिस पर कंधरापुर थाना पुलिस ने मुकदमा भी पंजीकृत कर लिया और विवेचना कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया।
लालजीत यादव ने बताया कि बाबा साहब की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने की यह तीसरी घटना है। इसके पूर्व भी दो बार प्रतिमा को तोड़ा जा चुका है, लेकिन कोई कार्रवाई न होने से अराजक तत्वों के हौसले बुलंद है। इस अवसर पर जितेंद्र कुमार, विश्वजीत कुमार, नीरज, रमेश, दीपचंद, राम नरायण, पप्पू, घनश्याम, आदि मौजूद रहे।