आजमगढ़। कश्मीर घाटी में हुई हिंदुओं की नृशंस हत्या के विरोध में शनिवार को विश्व हिंदू परिषद की युवा शाखा बजरंग दल ने कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। इस दौरान युवाओं ने आतंकवाद का पुतला फूंका। बाद में राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन प्रशासन को सौंपा। युवाओं ने पाकिस्तान समर्थित आतंकवाद पर कार्रवाई की मांग की।
बजरंग दल के जिला संयोजक शशांक तिवारी ने कहा कि कश्मीर घाटी में पांच दिनों में सात हिंदुओं की पाकिस्तान समर्थित आतंकवादियों ने हत्या कर दी। आतंकवादियों के इस कृत्य से देश का हिंदू समाज आहत है। घाटी में हिंदुओं का पुनर्वास रोकने और भयभीत कर पलायन के लिए मजबूर करने के लिए आतंकवादियों ने यह घृणित कार्य किया है। उन्होंने कहा कि भारत की पावन धरती को रक्तरंजित व विभाजित करने की मानसिकता रखने वालों को चिह्नित कर सेना को इनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने के लिए पूरी छूट दी जाए। कहा कि बलिदानी हिंदू-सिखों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए बजरंग दल उनके परिवार के साथ खड़ा है। इस अवसर पर जिला सह संयोजक उत्कर्ष सिंह, विहिप के विभाग अध्यक्ष अशोक अग्रवाल, प्रभुनाथ सिंह पप्पू, मिथिलेश चौहान, गोपाल राय, राहुल सिंह, लालमन चौहान, मृत्युंजय शुक्ला, अनिरुद्ध सिंह, प्रशांत कुमार आदि मौजूद रहे।