Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Azamgarh News ›   The splendor of Chhath is visible, the ghats will be illuminated with joy.

Azamgarh News: दिखने लगी छठ की छटा, उल्लास से जगमगाएंगे घाट

Sat, 14 Nov 2026 12:36 AM IST
Varanasi Bureau वाराणसी ब्यूरो
Updated Sat, 14 Nov 2026 12:36 AM IST
विज्ञापन
The splendor of Chhath is visible, the ghats will be illuminated with joy.
लालगंज बाजार में सजी दुकान सें दउरा की खरीदारी करती महिला। संवाद
लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर जिले में तैयारियां अंतिम दौर में चल रही हैं। शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ तीन दिवसीय पर्व की शुरुआत भी हो गई है। व्रती महिलाएं विधि-विधान से भगवान सूर्य और छठी मइया की पूजा करेंगी। 36 घंटे के निर्जला व्रत के बाद रविवार को डूबते और सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा।
विज्ञापन

जिले में 1044 स्थानों पर छठ पर्व मनाया जाएगा। घाटों पर बिजली, पानी और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहेंगे। इसको लेकर निकाय और प्रशासन की टीम घाटों का दौरा कर रही है। सभी घाटों पर सुरक्षा के इंतजाम रहेंगे। उधर, पर्व को लेकर शहर से गांवों तक उत्साह का माहौल है।
विज्ञापन

घरों में पारंपरिक प्रसाद ठेकुआ और कसार बनाने की तैयारी चल रही है, वहीं बाजारों में सूप, दउरा, फल और पूजन सामग्री की खरीदारी बढ़ गई है। छठ महापर्व को देखते हुए जिले की नगर पालिकाओं, नगर पंचायतों और गांवों के नदी-सरोवरों के घाटों पर विशेष तैयारियां की गई हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

घाटों और घाटों तक जाने वाले रास्तों की साफ-सफाई करा दी गई है। घाटों पर निकायों और ग्रामीण सफाई कर्मचारियों को लगाया गया है। रात और भोर में पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को परेशानी न हो, इसके लिए घाटों पर रोशनी की व्यवस्था आज से शुरू कर दी जाएगी। शहर के गौरी शंकर घाट पर रंगीन लाइटों से घाटों को सजाया जा रहा है। कदमघाट, एकलव्य घाट, सिधारी घाट पर भी वेदी आदि बनाने की तैयारी पूरी कर ली गई है।
00
उर्मिला की पहल से सैकड़ों परिवार करने लगे छठ पूजा
फोटो संख्या- 24
अतरौलिया। करीब 40 वर्ष पहले अतरौलिया में अकेले छठ व्रत की शुरुआत करने वालीं उर्मिला देवी की आस्था आज महापरंपरा बन चुकी है। स्व. राजेंद्र सोनकर की पत्नी उर्मिला देवी ने विवाह के बाद क्षेत्र में पहली बार छठ पूजा शुरू की थी। उनका मायका कोलकाता में है, जहां छठ पर्व की विशेष मान्यता है। शुरुआती वर्षों में वह अकेले पोखरे पर पूजा करने जाती थीं। धीरे-धीरे दूसरे परिवार भी इस परंपरा से जुड़ते गए। आज नगर क्षेत्र में तीन से चार सौ परिवार छठ व्रत रखते हैं। उन्होंने बताया कि छठी मैया में उनकी अटूट आस्था है। यह पर्व शुद्धता, संयम और निष्ठा का प्रतीक है। संवाद
00
मायके से मिली प्रेरणा, ससुराल में निरंतर निभा रहीं छठ की परंपरा
फोटो संख्या- 25
बरदह। छतरपुर गांव निवासी निशा यादव पिछले 25 वर्षों से निरंतर छठ माता का व्रत रख रही हैं। उन्होंने परिवार और गांव की सुख-शांति की कामना के साथ इस व्रत की शुरुआत की थी। निशा बताती हैं कि शादी के बाद शुरुआती दिनों में परिवार के लोग अक्सर बीमार रहते थे और घर में परेशानियां बनी रहती थीं। ऐसे में उन्होंने अपने मायके से प्रेरित होकर छठ व्रत करना शुरू किया। उनका मानना है कि छठी मैया की पूजा-अर्चना के बाद परिवार के लोगों का स्वास्थ्य बेहतर हुआ और घर में सुख-शांति का माहौल बना। तभी से वह पूरी श्रद्धा और निष्ठा के साथ हर साल छठ व्रत करती आ रही हैं। संवाद
00
छठ व्रत के दो साल बाद हुई पुत्र रत्न की प्राप्ति, मिली नौकरी
फोटो संख्या- 26
अहरौला। विकास खंड क्षेत्र के पारा फुलवरिया गांव निवासी शिक्षिका कविता सिंह बीते 16 वर्षों से पूरी श्रद्धा और आस्था के साथ छठ व्रत रख रही हैं। उनका मानना है कि छठी मइया की कृपा से उनकी कई मनोकामनाएं पूरी हुई हैं। कविता सिंह ने बताया कि व्रत शुरू करने के दो साल बाद उन्हें पुत्र की प्राप्ति हुई। इसके बाद उन्हें जूनियर हाईस्कूल में सरकारी शिक्षिका की नौकरी भी मिली। उन्होंने कहा कि छठ व्रत शुरू करने के बाद से परिवार में सुख-शांति और समृद्धि बनी हुई है। यही वजह है कि वह हर साल पूरी निष्ठा और विधि-विधान से छठी मइया की आराधना करती हैं। उनके लिए छठ केवल व्रत नहीं, बल्कि अटूट विश्वास और पारिवारिक सुख-समृद्धि का पर्व है। संवाद
00
घाटों पर 150 से अधिक सफाई कर्मचारियों की लगी ड्यूटी
फोटो संख्या- 27
आजमगढ़। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी डॉ. बृजेश कुमार ने शुक्रवार को सफाई निरीक्षकों के साथ शहर के विभिन्न घाटों का दौरा किया। घाटों पर निर्माण, प्रकाश, सौंदर्यीकरण और स्वच्छता के विशेष इंतजाम किए जाने का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि घाटों की समुचित सफाई के लिए सफाई निरीक्षकों, सफाई नायकों सहित 150 से अधिक सफाई कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अतिरिक्त अस्थायी एमआरएफ (मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी) सेंटर की स्थापना की गई है। श्रद्धालुओं के आवागमन व पूजा-अर्चना के दृष्टिगत घाटों तक जाने वाले मार्गों को दुरुस्त करा दिया गया है। छठ घाटों और आसपास के क्षेत्रों को आकर्षक व स्वच्छ स्वरूप प्रदान करने के लिए वॉल पेंटिंग सहित सौंदर्यीकरण के विभिन्न कार्य कराए गए हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी प्रमुख घाटों पर हाईमास्ट लाइट और अन्य प्रकाश व्यवस्थाएं की गई हैं।

00
जेसीबी से हुई घाटों की सफाई
फोटो संख्या- 28
आजमगढ़। डाला छठ पर्व को लेकर घाटों पर सफाई चल रही है। गोदाम घाट पर शुक्रवार को सभासद मोहम्मद अफजल के नेतृत्व में जेसीबी लगाकर सफाई की गई। नाविकों के सहयोग से नदी के बीच पिलर के पास फंसा कचरा निकालकर घाट को पूरी तरह से स्वच्छ और व्यवस्थित किया गया। सभासद ने बताया कि घाट पर आने वाली व्रती महिलाओं व अन्य लोगों की सुविधा के लिए घाट पर स्वच्छ पानी, चूने का छिड़काव और पर्याप्त रोशनी के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, ताकि स्वच्छ वातावरण में महिलाएं अपनी पूजा-अर्चना कर सकें। संवाद
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed