अतरौलिया। चनैता गांव निवासी किसान ने सोमवार की देर रात घर से कुछ दूर स्थित आम के पेड़ से रस्सी के सहारे फांसी लगाकर जान दे दी। सुबह ग्रामीणों ने शव लटकता देखा तो सूचना पुलिस को दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया। परिजनों के अनुसार तंगहाली के चलते अधेड़ ने आत्महत्या की है।
चनैता गांव निवासी बजरंगी यादव (50) पुत्र सुखई गरीबी और तंगहाली के चलते काफी परेशान चल रहा था। इसी के चलते उसने सोमवार की देर रात घर से कुछ दूर स्थित प्राथमिक विद्यालय के पास स्थित आम के पेड़ से रस्सी के सहारे फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली। सुबह गांव के लोग टहलने के लिए निकले तो बजरंगी को आम के पेड़ से लटकता देखा। आनन-फानन में सूचना परिजनों व पुलिस को दी गई। सूचना पर परिजनों के साथ ही अतरौलिया थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। शव को फंदे से नीचे उतारा गया और पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया। मृतक दो पुत्रियों का पिता था। एक पुत्री की शादी हो चुकी थी और दूसरी अभी अविवाहित थी। खेतीबाड़ी भी काफी कम मात्रा में थी, जिसके चलते बेटी की शादी व मकान निर्माण को लेकर वह काफी दिनों से परेशान चल रहा था। किसी तरह मजदूरी आदि कर वह परिवार का भरण पोषण कर रहा था। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है।