आजमगढ़। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ की बैठक रविवार को शिब्ली नेशनल इंटर कालेज में जिलाध्यक्ष बृजेश राय की अध्यक्षता में हुई। जिलाध्यक्ष ने कहा कि जिला विद्यालय निरीक्षक की हठधर्मिता के कारण हजारों शिक्षकों के खातों में एनपीएस की कटौती का धन नहीं जा रहा रहा है। तय किया गया कि 16 जनवरी को जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पर उपवास किया जाएगा और एक फरवरी को लखनऊ में शिक्षा निदेशक कार्यालय पर धरना दिया जाएगा।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश नेतृत्व के मांग पत्र में पुरानी पेंशन बहाली, वित्तविहीन विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों के समान कार्य के लिए समान वेतन, महंगाई भत्ते पर लगी रोक को हटाना, कंप्यूटर और व्यवसायिक शिक्षकों को पूर्णकालिक शिक्षक बनाना, विनियमितीकरण से वंचित शिक्षकों को भी नियमित करना, महिला शिक्षकों को अवकाश की सुविधा, चयन बोर्ड की धारा 21 को यथावत रखना, समस्त शिक्षकों को नि:शुल्क चिकित्सा सुविधा प्रदान कराए जाने, स्थानांतरण की नीति में आवश्यक संशोधन कराकर सरल बनाना, 2014 के बाद सामूहिक बीमा को चालू कराना आदि प्रमुख समस्या है। शिक्षक महासंघ के अध्यक्ष अवधेश त्रिपाठी ने कहा कि 16 जनवरी को प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर होने वाला सामूहिक उपवास और धरना ऐतिहासिक होगा। जिलामंत्री विजय कुमार सिंह ने कहा कि जिला विद्यालय निरीक्षक भ्रष्टाचार की राह पर चल रहे है, जिसके कारण शिक्षकों की सही मांग पर भी विचार नहीं हो पा रहा है। एनपीएस की कटौती को शीघ्र ही खातों में नहीं भेजा गया तो शीघ्र ही अनिश्चित कालीन धरना जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पर दिया जाएगा। बैठक में मुन्नू यादव, परशुराम यादव, डा.वीरेंद्र कुमार मौर्य, अफाक अहमद, अरुण राय, अमरनाथ यादव, प्रभास कुमार, हृषिकेश मिश्रा, अमृत कुमार, संजय राय,राजेश भारती,संजय सिंह, किशोर सिंह, प्रभाकर राय, विन्ध्यवासिनी पाठक, सत्यप्रकाश यादव आलोक सिंह, अखिलेश गुप्ता सहित अनेक शिक्षक उपस्थित रहे।