आजमगढ़: पूर्व विधायक हत्याकांड में दर्ज हुआ कुंटू का बयान, गैंगस्टर कोर्ट में चल रही है अंतिम सुनवाई
पूर्व विधायक सीपू सिंह हत्याकांड में आरोपी कुंटू सिंह सिंह को गुरुवार कासगंज जिला जेल से आजमगढ़ जिले की गैंगस्टर कोर्ट में पेशी के लिए लाया गया था। शुक्रवार को इस मामले में अंतिम बयान दर्ज हो गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पूर्व विधायक सर्वेश सिंह सीपू हत्याकांड में गैंगस्टर कोर्ट में अंतिम सुनवाई चल रही है। वादी पक्ष की सुनवाई हो चुकी है। अब अभियुक्तों की सुनवाई हो रही थी। मामले के मुख्य आरोपी कुख्यात ध्रुव कुमार सिंह उर्फ कुंटू सिंह को गुरुवार को कासगंज जेल से लाया गया और शुक्रवार को उसने अपना बयान दर्ज कराया। इसके बाद उसे कासगंज जेल भेज दिया गया।
पूर्व विधायक हत्याकांड को अंजाम देने में मुख्य आरोपी ध्रुव कुमार सिंह उर्फ कुंटू सिंह को बनाया गया था। उसके अलावा आधा दर्जन से अधिक उसके सहयोगी भी इस हत्याकांड में नामजद हैं। कई दिनों से गैंगस्टर कोर्ट में अंतिम बयान दर्ज कराने की कवायद चल रही थी। बुधवार को संग्राम सिंह, रिजवान, दुर्ग विजय व अरविंद कश्यप का बयान दर्ज हुआ था। गुरुवार को शिव प्रकाश, मृत्युंजय व दिनेश का बयान हुआ।
गुरुवार को ही कुख्यात कुंटू सिंह का भी बयान होना था, जिसके लिए वह कासगंज जेल से गैंगस्टर कोर्ट में लाया गया था, लेकिन उसका बयान पूरा नहीं हो सका। इस पर उसे आजमगढ़ जेल में एक रात के लिए रोक दिया गया। शुक्रवार को कोर्ट में कुंटू सिंह के अलावा इस हत्याकांड में नामजद राजेंद्र यादव का भी बयान हुआ। शासकीय अधिवक्ता संजय द्विवेदी व विनय मिश्रा ने बताया कि कुंटू सिंह को बयान दर्ज होने के बाद कासगंज जेल रवाना कर दिया गया है।
कुंटू को फांसी की सजा देने की मांग
गैंगस्टर कोर्ट में चल रही सीपू हत्याकांड की सुनवाई के दौरान पूर्व विधायक के भाई संतोष सिंह उर्फ टीपू भी मौजूद रहे। उन्होंने कुंटू के बयान के दौरान न्यायाधीश से कुंटू सिंह को फांसी की सजा देने की मांग की। उन्होंने कहा कि न्यायालय पर उन्हें पूरा भरोसा है। भाई की हत्या करने वाले को फांसी की सजा दिलाना ही उनका मुख्य उद्देश्य है।