जहानागंज। विकास खंड क्षेत्र के जिगरसंडी गांव में स्थित नवनिर्मित हनुमान मंदिर परिसर से शनिवार को नौ दिवसीय श्री मारुति महायज्ञ की कलश यात्रा हाथी-घोड़े व गाजे-बाजे के साथ निकाली गई। आगे कुंवारी कन्याओं के साथ महिलाएं व श्रद्धालु कलश में जल भरने के लिए कलश लेकर रामघाट कुटी स्थित मंगई नदी पर पहुंचे। आचार्य कपिल देव शास्त्री के नेतृत्व में आचार्य संतोष शास्त्री, आचार्य राजेश पांडेय आदि ब्राह्मणों ने वैदिक मंत्रों के साथ विधि विधान से पूजन अर्चन कराकर कलश में जल भरवाया।
कलश यात्रा में सबसे आगे यज्ञ के आयोजक श्री श्री 1008 श्री रामकृष्ण दास जी महाराज मंगलदास, ओम प्रकाश दास के साथ मुख्य यजमान रामविजय सिंह चल रहे थे। इस दौरान घंटा घड़ियाल, जय श्रीराम तथा हनुमानजी के जयकारे से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो रहा था। कलश यात्रा में क्षेत्र के हजारों श्रद्धालुओं की आस्था देखते ही बन रही थी। आयोजक श्री रामकृष्ण दास जी महाराज ने बताया कि शनिवार को शाम तीन बजे से पंचांग पूजन के साथ मंडप प्रवेश होगा। इसके साथ प्रतिदिन शाम 8:30 बजे से 11:30 बजे तक बृंदावन से पधारे पंडित पवन चतुर्वेदी के नेतृत्व में अंतरराष्ट्रीय रासलीला का मंचन होगा। उन्होंने बताया कि 29 मई को नव निर्मित हनुमान मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। कलश यात्रा में ऋषिकेश पांडेय, अशोक पांडेय, अरविंद सिंह, अशोक जायसवाल, मार्कंडेय सिंह, मोनू सिंह, मुन्ना सिंह, धनंजय सिंह, रवि सिंह, मार्कंडेय दुबे आदि शामिल रहे।