आजमगढ़। मुख्य पोस्ट आफिस में मंगलवार को आधार कार्ड बनवाने के लिए आए तमाम छात्र-छात्राओं से कर्मचारियों ने ना केवल अभद्रता किया, बल्कि मुख्य गेट बंदकर सभी को जान से मारने की धमकी दी। साथ ही मोबाइल में रिकार्ड हुए अपनी करतूतों को भी डिलिट करवा दिया। हंगामा होने की सूचना मिलने पर शहर कोतवाल पहुंचे। गेट खुलवाकर सभी को मुख्य कराते हुए कई लोगों को हिरासत में लेकर थाने चले गए। पुलिस सभी से पूछताछ कर रही।
गंभीरपुर थाने के मोहम्मदपुर गांव निवासी अंजली चौहान, खूशबू चौहान, सविता चौहान, अतरौलिया थाने के अतरैठ गांव निवासी अमित कुमार आदि ने बताया कि छात्र वृत्ति, बैंक खाता सहित अन्य महत्वपूर्ण कार्य के लिए आधार कार्ड जरुरी कर दिया गया है। ऐसे में यह सभी लोग मंगलवार की सुबह ही जिले के मुख्य पोस्ट आफिस में अपना आधार कार्ड बनवाने के लिए आए हुए थे। इन सभी लोगों का आरोप है कि हम लोगों के अलावा दर्जनों लोग सुबह से ही लाइन में खड़े हैं। जो लोग बगैर लाइन के पहुंच रहे उनका तत्काल कार्ड बना दिया जा रहा। इस प्रकार से एक दो लोग नहीं बल्कि एक दर्जन से अधिक लोगों का कार्ड बनाया गया। हम लोगों का जब नंबर आया तो काउंटर बंद कर दिया गया। कहा गया कि दूसरे दिन आओ। इसकी वजह पूछने पर सरकारी कर्मचारियों द्वारा अभद्रता किया गया। लाइन में लगे कुछ लोग इनकी करतूत को अपने मोबाइल में रिकार्ड किए तो उसे जबरन डिलिट करवा दिया गया। कर्मचारी मुख्य गेट बंद कर दिए और किसी को बाहर निकलने नहीं दे रहे थे। पुलिस के पहुंचने पर गेट खोला गया। शहर कोतवाल अनिल सिंह ने बताया कि गेट खोलवा दिया गया है। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही।