अंबारी। अंबारी स्थित दीदारगंज रोड रेलवे स्टेशन की रेलवे क्रासिंग पर बनी सड़क पर दोनों तरफ बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं।। इससे गाड़ियां हिचकोले खाते हुए गुजरती है। अक्सर गाड़ियां इनमें फंसकर खराब भी होती हैं। इसके बाद भी रेलवे विभाग द्वारा इसकी मरम्मत के उपाय नहीं किए जा रहे हैं।
दीदारगंज रोड रेलवे स्टेशन अंबारी में स्थित है। अंग्रेजों के जमाने के बने रेलवे स्टेशन के पास अंबारी अहरौला मार्ग पर अंबारी में रेलवे क्रासिंग बनी हुई है। यह रेलवे क्रासिंग शुरू से ही अंबारी अहरौला मार्ग पर सीधी बनी थी। लेकिन दो साल पहले रेलवे विभाग के इंजीनियरों द्वारा सर्वे किया गया। यह सर्वे दीदारगंज रोड के प्लेटफार्म को बड़ा करने के उद्देश्य से किया गया था। इंजीनियरों के सर्वे के आधार पर अंबारी अहरौला के सीधे मार्ग को मोड़ दिया गया। रोड को मोड़ देने से इसमें चार मोड़ हो गए मार्ग पर आनन फानन में पिच रोड बनाई गई। रोड बनने के एक हप्ते के अंदर ही सड़क की जमीन में धंस गई। दुबारा से सड़क की मरम्मत कराई गई। लेकिन बरसात होते ही सड़क फिर से गढ्ढ़े में बदल गई। जिसके चलते बस, ट्रक, आटो आदि वाहन गढ्ढ़ों में फंसना शुरू हो गए। अब तो रेलवे ट्रैक के पास दोनों तरफ गड्ढ़ा हो गया है। रेलवे पटरी के बोचो बीच ट्रक फंस जा रहे हैं। लेकिन स्थानीय लोगों की सतर्कता से बड़ी घटना नहीं हो पाई। क्षेत्र के शैलेश माली, मारुति उपाध्याय, मोतीन अहमद, सत्यप्रकाश यादव, अशोक यादव, रबिंद्र यादव आदि लोगों का कहना है कि जब रोड सीधा जा रहा था तब कभी भी लोगों को इस तरह की समस्या का सामना नहीं करना पड़ा। लोगों ने चेताया है कि यदि विभाग नहीं चेता तो बड़ी घटना हो सकती है। जिससे जान माल का भारी नुकसान हो सकता है। इस संबंध में स्टेशन अधीक्षक सतीश कुमार का कहना है कि महीने भर से प्रतिदिन उच्चाधिकारियों को इस समस्या से फोटो के साथ अवगत कराया जा रहा है।