आजमगढ़। थाना जीयनपुर पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश दिव्य प्रकाश सिंह को तमंचा और कारतूस के साथ शनिवार को गिरफ्तार किया है। आरोपी गोवंश चोरी व अन्य आपराधिक मामलों में वांछित चल रहा था।थाना प्रभारी आरके सिंह ने बताया कि 4 जनवरी को पुलिस पारनकुंडा में मौजूद थी। इसी दौरान सूचना मिली कि एक पिकअप वाहन पर कुछ लोग गोशाला पारनकुंडा से गोवंश चोरी कर लाद रहे हैं। मौके पर पहुंचने पर दो आरोपी भाग गए, जबकि चार जीवित पशु बरामद किए गए। इस मामले में थाना जीयनपुर में अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई थी। 11 जनवरी को एसपी डॉ. अनिल कुमार ने गोवंश चोरी मामले में आरोपी दिव्य प्रकाश पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
शनिवार को पुलिस टीम अजमतगढ़ तिराहे पर थी। सूचना मिली कि उक्त मामले में वांछित एवं इनामी दिव्य प्रकाश सिंह उर्फ आकाश सिंह निवासी रक्सा थाना पकड़ी बलिया मेघई नरैना नहर पुलिया के पास वाहन का इंतजार कर रहा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध तमंचा .315 बोर तथा एक कारतूस बरामद हुआ। बरामदगी के आधार पर थाना जीयनपुर में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कर आरोपी का चालान न्यायालय किया गया। आरोपी पर जीयनपुर, मनियर (बलिया), हलधरपुर (मऊ) एवं भीमपुरा (बलिया) थानों में गोहत्या निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, आर्म्स एक्ट व गैंगस्टर एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में कुल सात प्राथमिकी दर्ज हैं।