Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Azamgarh News ›   Azamgarh Irregularities found in interviews for recruitment of 220 ECCE educators District Magistrate cancels

आजमगढ़: 220 ईसीसीई एजुकेटर भर्ती के साक्षात्कार में मिलीं खामियां, डीएम ने निरस्त की प्रक्रिया

Sat, 07 Nov 2026 10:25 PM IST
किशन चौबे अमर उजाला नेटवर्क, आजमगढ़
अमर उजाला नेटवर्क, आजमगढ़ Published by: किशन चौबे Updated Sat, 07 Nov 2026 10:25 PM IST
सार

आजमगढ़ में 220 ईसीसीई एजुकेटर की भर्ती के साक्षात्कार में शासनादेश के उल्लंघन की पुष्टि हुई है। डीएम ने पुरानी प्रक्रिया निरस्त कर दी है। अब सीडीओ की अध्यक्षता वाली समिति की निगरानी में दोबारा साक्षात्कार कराया जाएगा।

विज्ञापन
Azamgarh Irregularities found in interviews for recruitment of 220 ECCE educators District Magistrate cancels
आजमगढ़ के नए डीएम रविंद्र कुमार-2 - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

आजमगढ़ जिले में 220 ईसीसीई एजुकेटर की भर्ती प्रक्रिया में बड़ी अनियमितता सामने आई है। साक्षात्कार के दौरान शासनादेश में निर्धारित नियमों का पालन नहीं किए जाने की पुष्टि होने पर जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने पूरी साक्षात्कार प्रक्रिया निरस्त कर दी है। अब अभ्यर्थियों का नए सिरे से साक्षात्कार कराया जाएगा। इसके लिए मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) की अध्यक्षता में समिति गठित करने का निर्देश दिया गया है। समिति की निगरानी में चयन प्रक्रिया पूरी होगी।

विज्ञापन


मंत्री तक पहुंची थी अवैध वसूली की शिकायत
मुख्य कोषाधिकारी कार्यालय की ओर से 30 अक्तूबर को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को भेजे गए पत्र के अनुसार, श्रम एवं सेवायोजन विभाग के मंत्री अनिल राजभर को नौ अक्तूबर को भर्ती प्रक्रिया में अनियमितता की शिकायत मिली थी।
विज्ञापन


शिकायत में आरोप लगाया गया था कि ईसीसीई एजुकेटर पद पर चयन के दौरान शैक्षिक प्रमाणपत्रों के सत्यापन के नाम पर अभ्यर्थियों से अवैध वसूली की गई। शिकायतकर्ता ने मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने, टेंडर निरस्त करने और किसी अन्य सेवा प्रदाता कंपनी का चयन करने की मांग की थी।
विज्ञापन
विज्ञापन


तीन सदस्यीय समिति ने की जांच
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए डीएम रविंद्र कुमार ने तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की थी। इसमें मुख्य कोषाधिकारी अनुराग श्रीवास्तव, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी आरडी यादव और जिला सूचना विज्ञान अधिकारी चंदन यादव को शामिल किया गया।

समिति ने सेवा प्रदाता कंपनी से साक्षात्कार की पूरी प्रक्रिया का विवरण मांगा। इसमें साक्षात्कार कमेटी के सदस्यों के नाम, पते और उनकी शैक्षिक योग्यता के साथ यह जानकारी भी मांगी गई कि क्रेता विभाग की ओर से किस प्रतिनिधि ने साक्षात्कार में हिस्सा लिया था।

Trending Videos

रैंडमाइजेशन सूची और चयनित अभ्यर्थियों के दस्तावेज भी जांचे
जांच के दौरान रैंडमाइजेशन सूची में शामिल अभ्यर्थियों के शैक्षिक अभिलेखों के सत्यापन और साक्षात्कार में शामिल होने से संबंधित प्रमाणों की पड़ताल की गई। चयनित अभ्यर्थियों के शैक्षिक दस्तावेजों की पत्रावलियों की भी जांच हुई।

इस दौरान सामने आया कि साक्षात्कार की प्रक्रिया में शासनादेश के निर्धारित प्रावधानों का पालन नहीं किया गया था। जांच समिति ने अपनी रिपोर्ट डीएम को सौंप दी। रिपोर्ट के आधार पर जिलाधिकारी ने पूर्व में कराए गए सभी साक्षात्कार निरस्त करने का फैसला लिया।

सीडीओ की निगरानी में दोबारा होगा साक्षात्कार
अब भर्ती प्रक्रिया को नए सिरे से पूरा कराया जाएगा। इसके लिए सीडीओ की अध्यक्षता में समिति गठित की जाएगी। इसी समिति की निगरानी में दोबारा साक्षात्कार होगा। प्रशासन का कहना है कि चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए यह कदम उठाया गया है।

डीएम बोले- नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं
जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने बताया कि ईसीसीई एजुकेटर भर्ती से संबंधित शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराई गई थी। जांच समिति की रिपोर्ट में साक्षात्कार के दौरान शासनादेश के प्रावधानों का पालन नहीं किए जाने की बात सामने आई। इसे गंभीरता से लेते हुए पूर्व की साक्षात्कार प्रक्रिया निरस्त कर दी गई है। अब सीडीओ की अध्यक्षता में गठित समिति की निगरानी में नए सिरे से साक्षात्कार कराया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता प्रशासन की प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर अनियमितता या नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

क्या काम करते हैं ईसीसीई एजुकेटर
ईसीसीई का पूरा नाम अर्ली चाइल्डहुड केयर एंड एजुकेशन है। ईसीसीई एजुकेटर का काम तीन से छह वर्ष तक के बच्चों को खेल-खेल में शिक्षा देना और उनके सर्वांगीण विकास में मदद करना है। इसके तहत बच्चों की भाषा, शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और बौद्धिक क्षमताओं को विकसित किया जाता है। साथ ही उन्हें प्राथमिक विद्यालय के माहौल के लिए तैयार किया जाता है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed