औरैया। सुहागिनों को जिस दिन का इंतजार था, वह आ गया। बुधवार को करवाचौथ का पर्व है। सुहागिनें निर्जला व्रत रखकर रात में चांद की पूजा कर अर्घ्य देकर सुहाग की लंबी उम्र और परिवार की समृद्धि की कामना करेंगी। वैसे तो सप्ताह भर से इसकी तैयारी चल रही है, लेकिन आज पर्व के एक दिन पहले तैयारियां जोरों पर रहीं। बाजार देर रात कर गुलजार रहे। संजन संवरने का सामान और पूजन सामग्री खरीदने में महिलाएं व्यस्त रहीं। करवाचौथ की तैयारियों को लेकर महिलाओं की भीड़ कास्मेटिक, चूड़ी, साड़ी की दुकानों के अलावा ब्यूटी पार्लरों पर देखने को मिली। फिल्म और सीरियल की तर्ज पर इस त्यौहार को मनाने के लिए महिलाओं में होड़ सी मची हुई है।
चूड़ी, कपड़े की दुकानों पर खासी भीड़ रही। कपड़ा विक्रेता अरुण अग्रवाल, सौरभ विश्नोई ने बताया कि महिलाओं को फैंसी व हल्की साड़ियां ज्यादा भा रही हैं। महिलाएं फिल्मों व टीवी चैनलों पर आने वाले सीरियलों के महिला कलाकारों द्वारा पहनीं गई साड़ियों की मांग कर रहीं है। चूड़ी विक्रेता अश्वनी लक्ष्यकार ने बताया इस बार महिलाओं ने कीमती चूड़ियों के सेट की डिमांड की है। करवाचौथ पर पिछली बार महिलाओं ने कंगनों की मांग ज्यादा की थी। इस बार महिलाओं ने एकता कपूर और अक्षिता जैसी टीवी सीरियल कलाकारों द्वारा पहनीं गईं डिजाइनर कंगनों और चूड़ियों की मांग कर रही हैं।