श्मशान घाट पर मची भगदड़: अंतिम संस्कार के बीच दो पक्षों में मारपीट, चिता की लकड़ियों से एक-दूसरे पर किया हमला
तिगरी गंगा धाम में अंतिम संस्कार के दौरान दो पक्षों में कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने और चिता से लकड़ियां उठाकर हमला करने का आरोप है। घटना में पांच लोग घायल हुए हैं। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है।
विस्तार
तिगरी गंगा धाम में अंतिम संस्कार के दौरान दो पक्षों में कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। देखते ही देखते दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे। आरोप है कि विवाद के दौरान कुछ लोगों ने चिता से लकड़ियां उठाकर एक-दूसरे पर हमला कर दिया। इससे गंगा तट स्थित श्मशान घाट पर अफरा-तफरी मच गई।
मारपीट में पांच लोग घायल हो गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस वीडियो के आधार पर मामले की जांच कर रही है। अमरोहा नगर और फाजलपुर मोहल्ले के लोग तिगरी गंगा धाम में शवों का अंतिम संस्कार करने पहुंचे थे। गी।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि विवाद बढ़ने पर कुछ लोगों ने चिता के पास रखी लकड़ियां उठाकर एक-दूसरे पर हमला करना शुरू कर दिया। इससे अंतिम संस्कार की प्रक्रिया भी कुछ देर के लिए प्रभावित हुई। मौके पर मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
कुछ लोग विवाद से बचने के लिए इधर-उधर चले गए, जबकि कई लोग अपने मोबाइल फोन से घटना का वीडियो बनाने लगे। इसी दौरान किसी ने मारपीट का वीडियो बना लिया। यह सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। उधर, मारपीट में पांच लोगों के घायल हुए हैं।
घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। घटना के बाद कुछ देर तक घाट पर हंगामे की स्थिति बनी रही। घटना की जानकारी मिलने के बाद गजरौला पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।