{"_id":"6aeb1e9ca3e92f7ba5015550","slug":"thar-collided-with-three-motorcycles-and-one-after-another-on-the-naugawan-sadat-amroha-road-2026-11-04","type":"story","status":"publish","title_hn":"काले रंग की थार ने पांच को कुचला: यूपी में बड़ा हादसा, दो भाइयों की गई जान; तीन लोग मौत से लड़ रहे जंग","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
काले रंग की थार ने पांच को कुचला: यूपी में बड़ा हादसा, दो भाइयों की गई जान; तीन लोग मौत से लड़ रहे जंग
Wed, 04 Nov 2026 05:32 PM IST
अनुज कुमार
संवाद न्यूज एजेंसी, अमरोहा
संवाद न्यूज एजेंसी, अमरोहा
Published by: अनुज कुमार
Updated Wed, 04 Nov 2026 05:32 PM IST
सार
अमरोहा में एक तेज रफ्तार काले रंग की थार ने एक के बाद एक तीन बाइकों को रौंद दिया, जिससे दो तहेरे-चचेरे भाइयों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। परिजनों ने चालक की गिरफ्तारी की मांग करते हुए दो घंटे तक सीएचसी में हंगामा किया।
विज्ञापन
अमरोहा में हादसा
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
नौगावां सादात-अमरोहा मार्ग पर मंगलवार रात तेज रफ्तार थार ने एक के बाद एक तीन बाइकों को टक्कर मार दी। भीषण हादसे में बाइक सवार तहेरे-चचेरे भाई राजीव कुमार (23) और प्रशांत (21) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद थार चालक मौके से भाग निकला।
विज्ञापन
पुलिस ने संभल नंबर की क्षतिग्रस्त थार को कब्जे में ले लिया। उधर, दोनों युवकों की मौत से गुस्साए परिजनों ने सीएचसी में जमकर हंगामा किया। चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर करीब दो घंटे तक शव नहीं उठने दिए। पुलिस अधिकारियों के समझाने और आरोपी की गाड़ी कब्जे में होने की पुष्टि के बाद परिजन शांत हुए।
विज्ञापन
हादसा मंगलवार रात करीब नौ बजे नौगावां सादात-अमरोहा मार्ग पर रीगल होटल से आगे अमरोहा नगर की सीमा में हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अमरोहा से नौगावां सादात की तरफ से जा रही काले रंग की तेज रफ्तार थार ने नौगावां सादात की ओर से आ रही तीन बाइकों को एक के बाद एक टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार युवक उछलकर दूर जा गिरे।
विज्ञापन
हादसे के बाद थार का अगला हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया। मौके पर राहगीरों की भीड़ जुट गई और सड़क पर जाम लग गया। इसी बीच चालक भीड़ का फायदा उठाकर भाग गया। हादसे में अमरोहा नगर कोतवाली क्षेत्र के जयओम नगर निवासी राजेंद्र सिंह के बेटे राजीव और तेजपाल सिंह के बेटे प्रशांत की मौके पर ही मौत हो गई।
दोनों तहेरे-चचेरे भाई थे और बाइक से घर लौट रहे थे। राजीव अपने पिता के साथ रेलवे स्टेशन रोड पर टायर पंचर की दुकान पर बैठता था, जबकि प्रशांत परिवार का इकलौता बेटा था। उसने इसी साल 12वीं की परीक्षा पास की थी। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों के शव सीएचसी ले आई। तीन घायलों में दो को राहगीर निजी अस्पताल ले गए, जबकि एक घायल को पुलिस ने सीएचसी में भर्ती कराया।
हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। देर रात तक उसकी पहचान नहीं हो सकी थी। दोनों भाइयों की मौत की खबर मिलते ही परिजन सीएचसी पहुंच गए। उन्होंने चालक की गिरफ्तारी की मांग करते हुए शव उठाने से रोक दिया। हंगामे की सूचना पर सीओ डॉ. प्रदीप कुमार समेत नौगावां सादात, अमरोहा देहात, नगर कोतवाली और डिडौली थाने की पुलिस पहुंच गई।
करीब दो घंटे तक परिजन आक्रोश जताते रहे। बाद में पुलिस ने थार कब्जे में होने की जानकारी दी, तब जाकर परिजन शांत हुए। सीओ सिटी डॉ. प्रदीप कुमार ने बताया कि थार चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। उसकी तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।