UP: स्कॉर्पियों सवार बदमाशों ने दो भाइयों को मारी गोली, फायरिंग करते हुए भागे हमलावर; सीसीटीवी में हुए कैद
पुलिस को घटनास्थल से .32 बोर का एक कारतूस भी मिला है। पुलिस ने घटनास्थल के पास दुकानों पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
विस्तार
मिठाई की दुकान के बाहर बैठे मिठाई विक्रेता को स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने गोली मार दी। उनके सिर में गोली लगी है। दुकानदार को बचाने आए भाई को भी हमलावरों ने गोली मार दी। भाई के पैर में गोली लगी है। ग्रामीणों ने हमलावरों की स्कॉर्पियों को घेरने की कोशिश की। लेकिन, आरोपी फायरिंग कर दहशत फैलाते हुए भाग निकले। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। हमलावर आसपास की दुकानों पर लगे सीसीटीवी में कैद हो गए।
थानाक्षेत्र के गांव कुआखेड़ा में माजिद हुसैन हिंद स्वीट्स के नाम से मिठाई की दुकान चलाते हैं। इनकी दुकान के बराबर में माजिद के भाई कासिम परचून की दुकान है। शुक्रवार की शाम करीब छह बजे माजिद अपनी दुकान के बाहर बैठे हुए थे। तभी एक स्कॉर्पियो उनकी दुकान के बाहर आकर रुकी। एक ग्रामीण ने बताया कि स्कॉर्पियो से उतरे चार युवकों ने माजिद को टारगेट करते हुए गोली चला दी। गोली उसके सिर में लगी। माजिद पर फायर होता देख उनका भाई कासिम उन्हें बचाने आया तो हमलावरों ने उस पर भी फायर कर दिया। ये गोली कासिम की टांग में लगी।
गोली चलने की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर आए। हमलावर स्कॉर्पियो में सवार होकर धनौरा दिशा की ओर भाग गए। थोड़ी देर में लोगों की भीड़ जमा हो गई। परिजनों ने माजिद और कासिम को उपचार के लिए अमरोहा ले गए। माजिद के तीसरे भाई साजिद ने बताया कि हमलावरों ने माजिद को दुकान से बुलाया और जबरन स्कॉर्पियो में बैठाने का प्रयास किया।
पुलिस को घटनास्थल से .32 बोर का एक कारतूस भी मिला है। पुलिस ने घटनास्थल के पास दुकानों पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। सीओ श्वेताभ भास्कर ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर शीघ्र ही हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
माजिद पर दर्ज है हत्या के प्रयास का मुकदमा
माजिद पर छह माह पहले हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज हुआ था। गांव में एक लड़की की बरात गजरौला क्षेत्र के एक गांव से आई थी। उस बरात में माजिद का परिवार शामिल हुआ था। बताया जाता है कि बरात में आए दूल्हे पक्ष के रिश्तेदारों से माजिद का विवाद हो गया था। उसमें दोनों ओर से धारदार हथियारों से हमला व फायरिंग हुई थी। पुलिस ने दोनों ओर से तीन लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। इस मामले में माजिद जेल भी गया था। एक अन्य मामले में भी माजिद के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था। पुलिस को अंदेशा है कि गोली मारने की घटना का पूर्व की किसी घटना से संबंध हो सकता है। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार का कहना है कि शीघ्र ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।