अमरोहा। डीएम उमेश मिश्रा ने स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के अंतर्गत पूर्ण-अपूर्ण शौचालय, पंचायत भवन निर्माण, सामुदायिक शौचालय निर्माण, ऑपरेशन कायाकल्प से संबंधित समीक्षा बैठक आयोजित की। ग्राम पंचायतों में शौचालय निर्माण पूर्ण नहीं होने पर नाराजगी जताई। सहायक खंड विकास अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। साथ ही अग्रिम आदेशों तक उनका वेतन रोकने के आदेश दिए। वेतन निकालने पर संबंधित को कार्रवाई की नसीहत दी।
जिलाधिकारी ने सहायक खंड विकास अधिकारी हसनपुर को कई बैठकों में अनुपस्थित होने पर प्रतिकूल प्रविष्टी देने और चार्ज छीनने के साथ स्पष्टीकरण के साथ विभागीय कार्रवाई करने के निर्देश मुख्य विकास अधिकारी को दिए हैं। डीएम ने स्पष्ट कहा कि भ्रष्टाचार से कोई भी समझौता नही होगा, जो होगा वह शासन के नियमों के अनुकूल ही होगा। सार्वजनिक शौचालय, कायाकल्प, पंचायत भवन जितने भी कार्य कराए गए हैं, जिला स्तरीय अधिकारी और पंचायत राज अधिकारी निरीक्षण कर उसकी अनुपालन आख्या अतिशीघ्र उपलब्ध कराएं। शौचालय निर्माण की प्रगति और संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर गजरौला विकास खंड के सेक्रेटरी सुरेंद्र सिंह से स्पष्टीकरण तलब किया है। साथ ही पूरे जिले में एक सप्ताह के भीतर कायाकल्प के तहत सभी विद्यालय, पंचायत भवन, सामुदायिक शौचालय निर्माण का कार्य शत-प्रतिशत कराने के निर्देश दिए। डीएम ने डीपीआरओ को निर्देशित किया कि तकनीकी परीक्षण कराए बिना किसी भी निर्माण कार्य का भुगतान किया गया तो दोषी अधिकारियों पर धारा 420 के तहत एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।