Amroha: सीजीएसटी के अधीक्षक को एक लाख की रिश्वत के लेते दबोचा, वकील भी सीबीआई के शिकंजे में, कार्यालय सील
सीबीआई की टीम ने सीजीएसटी के अधीक्षक और एक वकील को एक लाख की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर कारोबारी पर दबाव बनाकर रकम लेने का आरोप है। उत्पीड़न से परेशान होकर कारोबारी ने सीबीआई की गाजियाबाद यूनिट से इसकी शिकायत की थी।
विस्तार
सीबीआई की टीम ने सेंट्रल गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स (सीजीएसटी) के अधीक्षक और एक अधिवक्ता को कारोबारी से एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों दबोचा है। दोनों को सीबीआई की टीम अपने साथ ले गई है।गजरौला के एक कारोबारी का आरोप है कि सीजीएसटी की ओर उसे नोटिस जारी किया गया था।
सीजीएसटी के अधीक्षक निशान सिंह मल्ली और अमरोहा के अधिवक्ता अमित खंडेलवाल इस मामले में उन पर सौदेबाजी के लिए दबाव बना रहे थे। उनके उत्पीड़न से परेशान होकर कारोबारी ने मामले की शिकायत सीबीआई की गाजियाबाद यूनिट से की।
कारोबारी की शिकायत पर सोमवार को सीबीआई की टीम ने जाला बिछाया। तय कार्यक्रम के मुताबिक कारोबार रुपये लेकर अमरोहा के आवास विकास कॉलोनी स्थित सीजीएसटी के कार्यालय पर पहुंचे, जहां पर अधीक्षक निशान सिंह माली और अधिवक्ता अमित खंडेलवाल मौजूद थे।
कारोबारी ने जैसे ही एक लाख रुपये की रिश्वत सौंपी, तभी सीबीआई की टीम ने दोनों को दबोच लिया। सीबीआई की टीम ने कार्यालय की तलाशी लेने के बाद उसे सील कर दिया है और दोनों आरोपियों को अपने साथ ले गई है।
मुकदमे में एफआर लगवाने के नाम पर तीन लाख ठगे
मुकदमे में एफआर लगवाने के नाम पर एक व्यक्ति से तीन लाख 60 हजार रुपये ठग लिए गए। पीड़ित ने डीएम को शिकायती पत्र देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। तहसील व थाना नौगांवा सादात क्षेत्र के गांव खेड़ा के अमर सिंह ने शिकायती पत्र में कहा है कि उसकी बेटी का सुसरालवालों से विवाद होने पर मुकदमेबाजी शुरू हो गई।
इसी का लाभ उठाकर गांव के एक युवक ने उनसे मुकदमे में एफआर लगवाने के नाम पर अलग-अलग तरीकों से तीन लाख साठ हजार रुपये ठग लिए। पीड़ित ने ठगी का अहसास होने पर जब अधिक तकादा किया तो जान से मारने की धमकी दी। अमर ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराकर कानूनी कार्रवाई की जाए।