फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Ambedkar Nagar News ›   सराफा व्यवसाई की हत्या के विरोध में बंद रहा जलालपुर

सराफा व्यवसाई की हत्या के विरोध में बंद रहा जलालपुर

Tue, 20 Nov 2018 11:04 PM IST
Updated Tue, 20 Nov 2018 11:04 PM IST
विज्ञापन
सराफा व्यवसाई की हत्या के विरोध में बंद रहा जलालपुर
सराफ की हत्या के विरोध में बंद रहा जलालपुर
विज्ञापन



अंबेडकरनगर। लूट के दौरान सर्राफ की गोली मारकर हत्या से नाराज व्यापारियों ने मंगलवार को तहसील मुख्यालय स्थित जलालपुर बाजार पूरी तरह बंद रखी। व्यापारियों व आमलोगों ने एकजुट होकर लगभग दो घंटे तक मार्ग जाम कर प्रदर्शन किया।


बढ़ती आपराधिक घटनाओं से नाराज लोगों का कहना था कि जलालपुर पुलिस अपराध नियंत्रण में विफल साबित हो रही है। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने 72 घंटे के भीतर बदमाशों की धरपकड़ का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया।
विज्ञापन



इस बीच जलालपुर पुलिस ने मारे गए व्यापारी के पिता की तहरीर पर दो अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध लूट व हत्या का केस दर्ज कर लिया है।


गौरतलब है कि जलालपुर सब्जीमंडी निवासी सराफा व्यवसाई रवि (30) की सोमवार रात गुआपाकड़ के निकट बदमाशों ने उस वक्त गोली मारकर हत्या कर दी थी, जब वह अपने सगे व एक चचेरे भाई के साथ बाइक से जलालपुर लौट रहा था।
विज्ञापन
विज्ञापन



जौनपुर से सोने व चांदी के गहने खरीदने के बाद रवि मालीपुर रेलवे स्टेशन से अपने भाइयों के साथ जलालपुर पहुंचा ही था कि तभी लूट के इरादे से बाइक सवार दो बदमाशों ने छीनाझपटी करते हुए व्यापारी को गोली मार दी। अस्पताल में डॉक्टरों ने व्यापारी को मृत घोषित कर दिया।


घटना को लेकर सोमवार रात ही लोगों में आक्रोश फैल गया। रात में ही व्यापारियों ने निर्णय ले लिया कि घटना के विरोध में मंगलवार को जलालपुर नगर में बंदी रखी जाएगी। मंगलवार सुबह 10 बजे के पहले ही व्यापारियों का जत्था बाजार में निकल पड़ा।


इसमें उन्हें दुकानों को खुलने से रोकने तथा खुली दुकानों को बंद कराने में कोई मुश्किल नहीं हुई। युवा व्यवसाई की हत्या को लेकर अधिकांश दुकानदारों व व्यापारियों ने बंदी में भरपूर साथ दिया।


बाद में सुबह साढ़े 10 बजे करीब डाकघर के निकट व्यापारियों व स्थानीय लोगों ने व्यापार मंडल अध्यक्ष राजेश मिश्र के नेतृत्व में जलालपुर नगर का मुख्य मार्ग जाम कर दिया। जलालपुर पुलिस ने समझाने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बनी।


इसी बीच एडीएम गिरिजेश त्यागी, एएसपी अशोक कुमार राय व एसडीएम संतोष कुमार सिंह व सीओ अमर बहादुर ने समझाने का प्रयास किया, लेकिन व्यापारी कुछ सुनने को तैयार नहीं थे।


व्यापारियों ने मार्ग जाम कर प्रदर्शन के बाद तय किया कि तहसील जाने वाले मार्ग को जाम कर दिया जाए। इसके बाद लोगों का हुजूम डाकघर से हटकर बगल में तहसील जाने वाले मोड़ पर पहुंच गया। वहां मार्ग जाम के साथ पुलिस के विरोध में नारेबाजी शुरू कर दी गई।


इसी बीच जलालपुर विधायक रितेश पांडेय वहां पहुंचे और आक्रोशित लोगों को समझाया-बुझाया। विधायक ने मौके से ही डीएम व एसपी से बात की। भाजपा नेता रजनीश सिंह भी इसी बीच वहां पहुंचे।


व्यापारियों ने हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए 72 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि ऐसा न होने पर आंदोलन होगा। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि 72 घंटे के भीतर बदमाशों को पकड़ लिया जाएगा। इसके बाद लोगों का गुस्सा शांत हुआ।


दोपहर साढ़े 12 बजे मार्ग जाम समाप्त कराया जा सका। प्रदर्शन के दौरान सप्रिय गोयल, राजकुमार सोनी, दिनेश सोनी, गुलाब आदि मौजूद रहे। उद्योग व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष शिवकुमार गुप्त ने कहा कि यदि 72 घंटे में वारदात का खुलासा नहीं हुआ तो व्यापारी पूरे जिले में आंदोलन करेंगे।


इससे पहले मार्ग जाम के दौरान ही पुलिस ने सराफा व्यवसाई के पिता रामनाथ की तहरीर पर दो अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध लूट व हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया।


डीआईजी फैजाबाद ओंकार सिंह सोमवार देर रात घटना की जानकारी मिलते ही अकबरपुर पहुंचे। जहां एसपी विपिन कुमार मिश्र से उन्होंने घटना की जानकारी हासिल की। इसके बाद दोनों अधिकारी आधी रात करीब जलालपुर पहुंच गए।


वहां घटनास्थल का जायजा लेने के बाद थाने पहुंचकर अधिकारियों ने काफी देर तक हालात पर नजर बनाए रखी। रात में ही जो टीमें बदमाशों की घेराबंदी व सुरागरशी में निकली थीं, उनसे प्रगति की जानकारी भी दोनों अधिकारी थाने में बैठकर लेते रहे।


इसके बाद डीआईजी फिर अकबरपुर पहुंचे और बदमाशों की गिरफ्तारी से लेकर अन्य पहलुओं पर विचार-विमर्श किया। एसपी ने जिला अस्पताल जाकर डॉक्टरोें व व्यवसाई रवि को अस्पताल लेकर गए पुलिसकर्मियों व अन्य लोगों से भी घटना की जानकारी ली।



एसपी विपिन कुमार मिश्र ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए चार टीमें गठित कर दी गई हैं। ये सभी टीमें सोमवार रात से ही काम कर रही हैं।


एएसपी व सीओ जलालपुर को ये जिम्मेदारी दी गई है कि वे किसी भी जरूरत पर तत्काल मौके पर पहुंचने के लिए तैयार रहें।


एसपी ने बताया कि वह खुद मामले की मॉनीटरिंग कर रहे हैं। घटना को चुनौती के रूप में लिया जा रहा है। इसी के अनुरूप जल्द से जल्द खुलासे पर पुलिस का जोर है।
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें हर राज्य और शहर से जुड़ी क्राइम समाचार की
ब्रेकिंग अपडेट।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed