Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttarakhand ›   Dehradun News ›   Dehradun diwali horror three murder cases turn festival of lights into mourning for three Families crime news

त्योहार की खुशियों पर खून के छींटे: अपनों के कत्ल से परिवारों में छाया मातम, अंतहीन दर्द दे गई ये दिवाली

Tue, 10 Nov 2026 02:15 PM IST
Renu Saklani अंकित सिंह, माई सिटी रिपोर्टर, देहरादून
अंकित सिंह, माई सिटी रिपोर्टर, देहरादून Published by: Renu Saklani Updated Tue, 10 Nov 2026 02:15 PM IST
सार

दीपावली पर हर घर में खुशियां थीं, लेकिन देहरादून में तीन परिवारों के लिए यह त्योहार कभी न भूलने वाला जख्म बन गया। अलग-अलग घटनाओं में हुई तीन हत्याओं ने अपनों को खोने का ऐसा दर्द दिया, जिसकी भरपाई अब कभी नहीं हो सकती।

विज्ञापन
Dehradun diwali horror three murder cases turn festival of lights into mourning for three Families crime news
देहरादून में हादसों से परिवारों में पसरा सन्नाटा - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक

विस्तार

दीपावली अपनों के साथ खुशियां बांटने, घर लौटने और रिश्तों में मिठास घोलने का त्योहार। घरों में दीप जल रहे थे, बच्चे आतिशबाजी कर रहे थे और परिवार एक-दूसरे को मिठाइयां बांटकर त्योहार की खुशियां मना रहे थे। लेकिन इसी रोशनी के बीच दून के तीन परिवारों की दुनिया हमेशा के लिए अंधेरे में डूब गई।

विज्ञापन


कहीं दोस्ती पर भरोसा करने वाले माता-पिता का 15 साल का बेटा घर लौटकर नहीं आया, कहीं मामा के घर मिठाई लेकर जा रहे भांजे को अपने ही रिश्तेदार ने मौत के घाट उतार दिया और कहीं नशे की लत में डूबे बेटे ने उस पिता की जान ले ली, जिसने उसे उंगली पकड़कर चलना सिखाया होगा। तीन हत्याओं ने तीन परिवारों से उनके अपने छीन लिए। जिन घरों में त्योहार की रौनक होनी थी, वहां अब चीखें, सिसकियां और अपनों को खोने का असहनीय दर्द है।
विज्ञापन


डालनवाला क्षेत्र के 15 वर्षीय अर्श अंसारी के लिए भी दीपावली दूसरे बच्चों की तरह ही उत्साह लेकर आई थी। आठ नवंबर को उसका दोस्त श्रेयस ममगाईं उसे अपने घर दिवाली मनाने के लिए बुलाने आया। पिता नदीम अंसारी को भरोसा दिलाया गया कि त्योहार मनाने के बाद अर्श को रात में ही घर छोड़ दिया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन


 

Trending Videos

15 साल का बेटा घर नहीं लौटा
बेटे को दोस्तों के साथ भेजते समय पिता ने भी यही सोचा होगा कि कुछ घंटे बाद वह लौटेगा तो घर में त्योहार की खुशियां और बढ़ जाएंगी। रात बीतती रही, लेकिन अर्श नहीं आया। पिता ने फोन किया तो बताया गया कि वह सुबह घर आ जाएगा। एक पिता ने इसी उम्मीद में रात काट दी कि सुबह दरवाजे पर बेटे की आहट सुनाई देगी। लेकिन सुबह फोन की घंटी बजी तो दूसरी तरफ से ऐसी खबर मिली, जिसने उनकी दुनिया उजाड़ दी। बताया गया कि अर्श मोर्चरी में है। पिता वहां पहुंचे तो बेटे के शरीर पर चोटों के निशान देखकर टूट गए। उनका आरोप है कि बेटे की हत्या की गई है और इसमें उसके दोस्तों की भूमिका है। जिस बेटे को उन्होंने हंसते-खेलते दोस्तों के साथ विदा किया था, उसे आखिरी बार देखने के लिए उन्हें मोर्चरी जाना पड़ा।

संपत्ति विवाद पर बवाब, रिश्तों के टूटने की ऐसी ही दर्दनाक दास्तां

रायपुर क्षेत्र के तरला अधोईवाला निवासी 28 वर्षीय गौरव चौधरी की कहानी भी रिश्तों के टूटने की ऐसी ही दर्दनाक दास्तां है। परिवार के मुताबिक, गौरव दीपावली की मिठाई लेकर मामा के घर जा रहा था। त्योहार पर रिश्तेदारों के यहां मिठाई पहुंचाने और अपनों से मिलने की परंपरा निभाने निकला गौरव शायद सोच भी नहीं सकता था कि संपत्ति विवाद रिश्तों पर इतना भारी पड़ जाएगा। पुराने मकान की बाउंड्री को लेकर दूसरे मामा नितिन पक्ष से विवाद चल रहा था। गौरव ने दोबारा बाउंड्री बनवाने का काम शुरू कराया तो सोमवार को विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। परिवार का आरोप है कि मामा नितिन अपने बेटे और अन्य लोगों के साथ मौके पर पहुंचा। गौरव को घेरकर पकड़ लिया गया और उसके सीने में खुखरी से वार कर दिया गया। कुछ देर पहले जिस युवक के हाथों में त्योहार की मिठाई होनी थी, उसके परिवार को अब उसकी अर्थी की तैयारी करनी पड़ी। महज 28 साल की उम्र में गौरव की जिंदगी खत्म हो गई। परिवार के लिए अब हर दीपावली उस अधूरे सफर और उस रिश्ते की याद लेकर आएगी, जहां मिठाई पहुंचनी थी, लेकिन मातम पहुंच गया।

बेटे ने पिता को मार डाला
राजपुर के चलांग कुल्हन में 62 वर्षीय मदन राणा के परिवार की खुशियां भी सोमवार शाम एक पल में छिन गईं। आरोप है कि 35 वर्षीय बेटे नितिन ने नशे के लिए पहले अपने भांजे से रुपये मांगे। रुपये नहीं मिले तो वह दरांती लेकर उसे मारने दौड़ा। भांजे ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। घर में उठे विवाद को शांत कराने के लिए मदन राणा बीच बचाव करने पहुंचे, लेकिन बेटे ने उन्हीं पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल मदन राणा को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। एक पिता के लिए इससे बड़ा दुख क्या होगा कि जिस बेटे को पालने-पोसने और बड़ा करने में पूरी जिंदगी लगा दी, उसी के हाथों उसकी जान चली जाए। परिवार के लिए यह सिर्फ एक हत्या नहीं, बल्कि उस रिश्ते का टूटना है, जिसे जीवन का सबसे मजबूत सहारा माना जाता है। बेशक तीनों घटनाओं के कारण अलग-अलग थे, लेकिन हर कहानी का अंत एक जैसा हुआ। कहीं दोस्ती पर भरोसा टूट गया, कहीं संपत्ति के लालच और विवाद ने मामा-भांजे के रिश्ते को लहूलुहान कर दिया तो कहीं नशे ने बेटे को पिता का कातिल बना दिया। दीपावली पर लोग घरों में दीप जलाकर अंधेरा मिटाने की कामना करते हैं, लेकिन इन तीन परिवारों के हिस्से में ऐसा अंधेरा आया है, जिसे कोई दीपक दूर नहीं कर पाएगा। अब इन घरों में त्योहार आएंगे, लेकिन जिनकी हंसी से घर रोशन होते थे, वे कभी लौटकर नहीं आएंगे।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed