स्वैच्छिक रक्तदाता दिवस : अमर उजाला फाउंडेशन के आह्वान पर 535 महादानियों ने किया रक्तदान
अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से रक्तदाता दिवस का आयोजन बेली अस्पताल, मेडिकल अस्पताल सहित पांच केंद्रों पर किया गया। इस दौरान कुल 535 महादानियों ने रक्तदान किया।
विस्तार
अमर उजाला फाउंडेशन के आह्वान पर स्वैच्छिक रक्तदाता दिवस पर मोती लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज, तेज बहादुर सप्रू (बेली) अस्पताल समेत पांच स्थानों पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान कुल 535 महादानियों ने रक्तदान किया। इसमें युवाओं, अर्धसैनिक बल के जवानों, एनसीसी कैडेट्स, सामाजिक संगठनों, क्लबों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। बेली में रक्तदान शिविर शुभारंभ सांसद रीता बहुगुणा जोशी ने किया।
अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से मोती लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज और टीबी सप्रू जिला अस्पताल के ब्लड बैंकों के अलावा कैंटोनमेंट बोर्ड, एमएनएनआईटी और आईटीबीपी में रक्तदान शिविर लगाए गए। स्वैच्छिक रक्तदाता दिवस पर मेडिकल कॉलेज और बेली अस्पताल के ब्लड बैंक में सुबह नौ से शाम पांच बजे तक आयोजित किया गया। शिविर में शहर की ब्लू क्रास आर्गेनाइजेशन, अनारकली सद्भावना फाउंडेशन, शिक्षाशील फाउंडेशन,इंदुस्थली फाउंडेशन,कलावती ओझा मेमोरियल, तीर्थ पुरोहितों की गंगा आरती की प्रमुख संस्था जय त्रिवेणी जय प्रयाग समेत शहर के क्लबों की बढ़चढ़कर हिस्सा लिया।
इसके अलावा शहर के अन्य सामाजिक, शैक्षणिक संगठनों के साथ ही वकील, व्यापारी, एनसीसी कैडेट्स और छात्र भी सहभागी बने। मोती लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज पैथालॉजी विभाग की हेड डॉ. वत्सला मिश्रा ने कहा कि कि रक्तदान करने से सेहत पर कोई असर नहीं पड़ता है। रक्तदान करने वाला व्यक्ति पूरी तरह स्वस्थ होता है। मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में 106 यूनिट, टीबी सप्रू बेली अस्पताल में 53 यूनिट, आरएएफ कैंट में 40, आईटीबीपी शिविर में 304, कैंटोनमेंट बोर्ड में 32 महादानियों ने रक्तदान किया। इसी तरह प्रतापगढ़ में 50 और कौशांबी 30 लोगों ने रक्तदान किया।