दुस्साहस : पुलिस चौकी के सामने घर में बदमाशों ने बोला धावा, व्यापारी को परिवार समेत बंधक बनाकर लाखों की लूटपाट
शहर के कीडगंज इलाके के कारोबारी विजय जायसवाल ने लगभग 12 वर्ष पहले से मेजा रोड पुलिस चौकी के सामने किराए का कमरा लेकर जूता चप्पल की दुकान खोल रखी है। इनकी पत्नी प्रीति जायसवाल भी कारोबार में हाथ बंटाती रही हैं। इनके दो बच्चे हैं। पिछले साल विजय ने इसी दुकान में ज्वेलरी की भी दुकान खोल दी है।
विस्तार
मेजा रोड पुलिस चौकी के सामने बुधवार देररात बेखौफ नकाबपोश बदमाशों ने एक कारोबारी के घर में घुसकर जमकर लूटपाट की। कारोबारी के साथ ही उसकी पत्नी और दोनों बच्चों को बंधक बना लिया। इनकी जमकर पिटाई भी की गई। बेखौफ बदमाश जमकर लूटपाट करने के बाद दरवाजे की कुंडी बाहर से बंद कर आसानी से फरार हो गए। कारोबारी के सिर में गंभीर चोट आई है। उसे शहर के एक निजी अस्पताल में एडमिट कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। सूचना पाकर रात में ही एसीपी विमल किशोर मिश्र और थानाध्यक्ष राजेश उपाध्याय मौके पर पहुंच गए।
शहर के कीडगंज इलाके के कारोबारी विजय जायसवाल लगभग 12 वर्ष पहले मेजा रोड पुलिस चौकी के सामने किराए का कमरा लेकर जूता चप्पल की दुकान खोल रखी है। इनकी पत्नी प्रीति जायसवाल भी कारोबार में हाथ बंटाती रही हैं। इनके दो बच्चे हैं। पिछले साल विजय ने इसी दुकान में ज्वेलरी की भी दुकान खोल दी है। प्रीति जायसवाल के मुताबिक बुधवार आधी रात बाद बदमाश सीढ़ी के सहारे कमरे में घुस आए।
सोते वक्त ही पति विजय के सर पर लाठी डंडे से प्रहार कर घायल कर दिया। उनकी चीख सुन हम लोग जागे तो हम लोगों को भी बदमाशों ने मारा पीटा। इतना ही नहीं चारों लोगों को बदमाशों ने रस्सी और साड़ी से बांध दिया। फिर दुकान और कमरे में जमकर लूटपाट कर भाग निकले।
प्रीति के मुताबिक करीब दो लाख नगद और लाखों के आभूषण बदमाश उठा ले गए। जाते वक्त बदमाश बाहर से दरवाजे की सिटकिनी भी बंद कर दिए। बदमाशों के भागने के बाद किसी तरह से दरवाजा तोड़कर पड़ोसियों को सूचना दी गई। जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। बदमाशों की खोजबीन की गई, लेकिन उनका कहीं पता नहीं चला।