Prayagraj : विराट हिंदू सम्मेलन में बोले वक्ता- हर घर में हो संघ का स्वयंसेवक और संस्कारवान मातृशक्ति
सिविल लाइंस स्थित हनुमान नगर में ज्वाला देवी सभागार में आयोजित विराट हिंदू सम्मेलन में वक्ताओं ने राष्ट्र निर्माण में मातृशक्ति की भूमिका और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के संकल्पों पर विशेष जोर दिया।
विस्तार
सिविल लाइंस स्थित हनुमान नगर में ज्वाला देवी सभागार में आयोजित विराट हिंदू सम्मेलन में वक्ताओं ने राष्ट्र निर्माण में मातृशक्ति की भूमिका और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के संकल्पों पर विशेष जोर दिया। प्रयागराज की विभाग कार्यवाहिका प्रिया तिवारी ने कहा कि पुरातन काल से ही भारत की मातृशक्ति ने अपने मातृत्व, कृतित्व और नेतृत्व के माध्यम से समाज को नई दिशा दी है।
उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि भारत की माताएं कमजोर हुईं, तो पूरा समाज कमजोर हो जाएगा। उन्होंने जीजाबाई का उदाहरण देते हुए कहा कि आज हमें अपने बच्चों को शिवाजी की तरह तैयार करने की आवश्यकता है। साथ ही उन्होंने परिवारों से आह्वान किया कि वे घर की महिलाओं को सामाजिक और वैचारिक कार्यक्रमों से जोड़ें, अन्यथा वे किटी पार्टी जैसी गतिविधियों तक सीमित रह जाएंगी। उन्होंने गार्गी, मैत्रेयी, अहिल्याबाई और लक्ष्मीबाई जैसी महान विभूतियों का स्मरण कराते हुए कहा कि हिन्दू संस्कारों की धुरी सदैव मातृशक्ति ही रही है।
शताब्दी वर्ष का संकल्प: हर घर स्वयंसेवक
मुख्य वक्ता श्रीमान अवधेश जी (विभाग घोष प्रमुख) ने संघ के आगामी शताब्दी वर्ष की रूपरेखा रखी। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य हर घर में संघ का एक स्वयंसेवक तैयार करना है। 'पंच परिवर्तन' (सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण, स्वदेशी और नागरिक कर्तव्य) के माध्यम से ही हिन्दू समाज को सही दिशा दी जा सकती है।
उन्होंने मंत्र दिया— मम दीक्षा हिन्दू रक्षा, मम मंत्र समानता। उन्होंने विश्वास जताया कि आज समाज में समानता का यह भाव स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।
सम्मेलन की अध्यक्षता और मुख्य अतिथि के रूप में जगदगुरु स्वामी राजकुमारानंद जी (राष्ट्रीय अध्यक्ष - अखिल भारतीय संत समाज उत्थान समिति) उपस्थित रहे। उन्होंने आशीर्वाद देते हुए हिंदू समाज की एकजुटता पर बल दिया। मंच पर डॉ. अवधेश श्रीवास्तव ने भी अपने विचार साझा करते हुए संगठन की मजबूती पर जोर दिया। कार्यक्रम में मुरलीधर, सुनील धवन, सुरेश गुप्ता, विक्रम परिहार, अजीत सिंह, कृष्ण मनोहर आदि मौजूद रहे।
हमारा धर्म हिन्दू , हम हिन्दू धर्म के : युद्धवीर
श्रीराम नगर के बिसौना बस्ती की मदारीपुर गांव में भव्य हिन्दू सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता युद्धवीर जी (क्षेत्र सेवा प्रमुख पूर्वी उत्तर प्रदेश) ने हिंदू समाज को अपने बीच छोटे बड़े झगड़ों को समाप्त कर मिलकर रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जगद्गुरु स्वामी राजकुमारानंद जी महाराज (राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिल भारतीय संत उत्थान समिति) रहे। मातृ शक्ति रेखा पुंडीर रहीं। कार्यक्रम का समापन भारत माता की आरती के साथ हुआ। पूरा वातावरण भारत माता के जयकारे और वंदे मातरम के नारों से गूंज उठा। कार्यक्रम की अध्यक्षता सुखराज निषाद ने की। इस अवसर नगर कार्यवाह संदीप, नगर प्रचारक आशीष , शारीरिक प्रमुख आनंद, संयोजक बृजभान निषाद, ओमप्रकाश, रवि कुमार निषाद, कप्तान, जूनियर, गोरे लाल आदि मौजूद रहे।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.