Prayagraj : माफिया अतीक की बेनामी संपत्ति की जांच करेगी एसआईटी, विधायक पूजा पाल की शिकायत पर हुई कार्रवाई
शाह उर्फ पीपलगांव में प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) की ओर से अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त किए जाने के बाद अब संपत्ति की जांच के लिए डीएम मनीष कुमार वर्मा ने एसआईटी का गठन कर दिया है।
विस्तार
शाह उर्फ पीपलगांव में प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) की ओर से अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त किए जाने के बाद अब संपत्ति की जांच के लिए डीएम मनीष कुमार वर्मा ने एसआईटी का गठन कर दिया है। विधायक पूजा पाल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर शिकायत दर्ज कराई थी कि शाह उर्फ पीपलगांव में माफिया अतीक अहमद की बेनामी संपत्ति है और इस सरकारी जमीन की अवैध रूप से खरीद-फरोख्त कर उस पर कब्जा कराया जा रहा है। विधायक ने प्रकरण की एसआईटी जांच कराने की मांग की थी।
शिकायत पर मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव संजय प्रसाद ने जिलाधिकारी व पुलिस आयुक्त को पत्र लिखकर निर्देश दिए कि प्रकरण की जांच करके संयुक्त आख्या तीन दिनों के भीतर उपलब्ध कराएं। संजय प्रसाद ने यह भी स्पष्ट किया है कि विधायक पूजा पाल ने शिकायती पत्र मुख्यमंत्री से मिलकर दिया है।
डीएम मनीष कुमार वर्मा ने जांच के लिए एसआईटी गठित कर दी है जिसमें एडीएम सिटी, एआईजी स्टांप, डीसीपी सिटी, एसडीएम सदर व पीडीए सचिव को शामिल किया गया है। एसआईटी अपनी जांच में यह पता लगाएगी कि जमीन सरकारी है या नहीं, यह माफिया अतीक अहमद की बेनामी संपत्ति है या नहीं, इस जमीन की खरीद-फरोख्त कब की गई और जमीन पर अवैध कब्जा कैसे हुआ।
शाहा उर्फ पीपलगांव में इसी जमीन पर प्रयागराज विकास प्राधिकरण ने मंगलवार को बुलडोजर चलवाकर सुशील यादव, मोहम्मद मुस्लिम, फरमूद मुल्ला, मकबूल अहमद, अनस, वदूद अहमद, लल्लू उर्फ रामनाथ, मेट्रो इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमेटड, सुरेंद्र द्विवेदी की ओर से 12 बीघा अवैध प्लाॅटिंग को ध्वस्त कर दिया था।
पीडीए ने अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया है और अब यह पता लगाया जा रहा है कि जमीन किसके नाम है और उस पर अवैध कब्जा कैसे हुआ। इसकी जांच के लिए एसआईटी गठित कर दी गई है। अगर जांच में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे की पुष्टि होती है तो अवैध कब्जा करने वाले के खिलाफ एंटी-भूमाफिया, गैंगस्टर, गुंडा एक्ट व एनएसए की कार्रवाई की जाएगी। -मनीष कुमार वर्मा, जिलाधिकारी