श्री बड़े हनुमान मंदिर : हनुमत जयंती पर धन्वंतरि और महा सुदर्शन हवन, 108 जड़ी-बूटियों की दी गई आहुति
संगम स्थित श्री बड़े हनुमान जी मंदिर में हनुमान जन्मोत्सव के पांच दिवसीय आयोजन के दूसरे दिन विशेष धन्वंतरि और महा सुदर्शन हवन हुआ। 108 प्रकार की आयुर्वेदिक जड़ी-बूटियों सहित विभिन्न पूजन सामग्रियों की आहुति देकर श्रद्धालुओं ने सुख-समृद्धि और आरोग्य की कामना की।
विस्तार
कार्तिक माह में हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर संगम स्थित श्री बड़े हनुमान जी मंदिर में चल रहे पांच दिवसीय धार्मिक आयोजन के दूसरे दिन बुधवार को विशेष धन्वंतरि हवन और महा सुदर्शन हवन का आयोजन किया गया। बाघंबरी मठ के महंत बलबीर गिरि जी महाराज के सानिध्य में दक्षिण भारत से आए ब्राह्मणों और उत्तर भारत के विद्वान पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए।
सुबह मंदिर परिसर में भगवान धन्वंतरि के निमित्त विशेष हवन किया गया। इसमें आम की लकड़ी, देसी घी, कपूर, रोली, अक्षत, पुष्प, गंगाजल, पान के पत्ते, नारियल, शहद, धूप-दीप और 108 प्रकार की आयुर्वेदिक जड़ी-बूटियों सहित विभिन्न पूजन सामग्रियों की आहुति दी गई। अनुष्ठान के दौरान पीतल के कलश और वस्त्र भी अर्पित किए गए। हवन के समापन पर महाआरती हुई, जिसमें श्रद्धालुओं ने शामिल होकर बजरंगबली का आशीर्वाद प्राप्त किया।
संध्याकाल में मंदिर परिसर में महा सुदर्शन हवन का आयोजन हुआ। वैदिक मंत्रों और विधि-विधान के साथ संपन्न हुए इस अनुष्ठान में श्रद्धालुओं ने भी सहभागिता की। महंत बलबीर गिरि जी महाराज ने हनुमान जन्मोत्सव की तैयारियों का जायजा लिया और आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं को देखा। हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर मंदिर में सुबह से ही दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही। फूलों से सजे मंदिर परिसर में पूरे दिन भक्तिमय माहौल बना रहा।
बृहस्पतिवार को होंगे पंच दुर्गा और वास्तु पूजा हवन
पांच दिवसीय आयोजन के तीसरे दिन गुरुवार को सुबह पंच दुर्गा हवन और शाम को वास्तु पूजा हवन का आयोजन किया जाएगा। उत्सव के दौरान प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान, हवन, पूजा-अर्चना और आरती संपन्न कराई जा रही है।